जनजातीय अंचल में पहली बार हो रही कृषि कैबिनेट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत लगातार कृषि आधारित कार्यक्रमों की एक पूरी श्रृंखला को अंजाम दिया जा रहा है। इसी तारतम्य में 2 मार्च को बड़वानी जिले के ग्राम नांगलवाड़ी में कृषि कैबिनेट का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के किसी जनजातीय अंचल में होने वाली पहली कृषि कैबिनेट है। इसका लाभ निमाड़ के साथ पूरे मालवा अंचल को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से नर्मदा वैली के माध्यम से पानी मिला है, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर और बड़वानी का पूरा क्षेत्र एक अलग ही प्रकार की समृद्धि से जाना और पहचाना जा रहा है। इसी आधार पर हमने सबसे पहले निमाड़ में मनाए जाने वाले फाग पर्व भगोरिया को राज्यकीय पर्व के रूप में समाज के साथ मनाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि कैबिनेट के साथ भगोरिया उत्सव में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जनजातीय अंचल में बड़े आदर और सम्मान का केन्द्र बाबा भीलट देव के मंदिर में बीते समय में हमारी सरकार ने विकास के कई काम कराए थे, जिसे हमने भीलट देव लोक का नाम दिया है। प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष में किसानों के साथ ही कृषि कैबिनेट करते हुए हम विभिन्न प्रकार की योजनाओं को नई दिशा देने का निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. यादव के द्वारा लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के विकास के लिए हम सबका साथ और सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
