साईंखेड़ा के प्रथम सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण:
खाद्य मंत्री ने 37.22 करोड़ की लागत से बने साईंखेड़ा के प्रथम सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का किया लोकार्पण;
अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा: गोविंद सिंह राजपूत
Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 16 जुलाई 2026:
![]() |
| साईंखेड़ा के सर्व सुविधा सम्पन्न प्रथम सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण |
![]() |
| सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण करते खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत |
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि साईंखेड़ा में निर्मित सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक सौगात है। यह विद्यालय केवल एक शैक्षणिक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाला आधुनिक शिक्षा केंद्र है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
संसाधनों की कमी अब नहीं रहेगी बाधा:
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने अपने विद्यार्थी जीवन का स्मरण करते हुए कहा कि एक समय विद्यालयों में टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। विद्यार्थियों में प्रतिभा की कभी कमी नहीं थी, लेकिन संसाधनों और आधुनिक अधोसंरचना का अभाव था। आज प्रदेश सरकार ने शासकीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के द्वार खोल दिए हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और कठिन परिश्रम के बल पर अपने परिवार, जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति हो रही है।
इस अवसर पर परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल है। अब ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को भी देश के प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों के समकक्ष आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी और उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जैसे नया घर बनने पर गृह प्रवेश का आनंद होता है, उसी प्रकार इस विद्यालय के लोकार्पण से विद्यार्थियों में नया उत्साह है। यह विद्यालय उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा। इस अवसर पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा व्यवस्था लगातार नई दिशा में आगे बढ़ रही है। सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय जैसी पहलें विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है विद्यालय:
लगभग 11,772 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्मित 37.22 करोड़ रुपये लागत के इस विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।विद्यालय में उपलब्ध प्रमुख सुविधाओं में 48 स्मार्ट क्लास रूम, आधुनिक ई-लाइब्रेरी, कंप्यूटर, स्टेम, विज्ञान, गणित एवं व्यावसायिक प्रयोगशालाएं, भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, 360 क्षमता वाला बहुउद्देशीय सभागार, कला एवं शिल्प कक्ष, काउंसलिंग कक्ष, डांस एवं संगीत कक्ष, स्वास्थ्य एवं खेल कक्ष, मिड-डे मील किचन, दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल कोर्ट, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम, फायर डिटेक्शन एवं फायर फाइटिंग सिस्टम, 200 केवीए ट्रांसफार्मर, डीजी सेट एवं आधुनिक विद्युत व्यवस्था, स्कूल बस पार्किंग एवं परिसर में स्ट्रीट लाइटिंग आदि सभी सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिलेगा, जिससे उनके शैक्षणिक, बौद्धिक तथा खेल कौशल का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।


