सोना महंगा; खरीददारों का बदला अंदाज

🎧 सुनें:

महंगे सोने ने बदला खरीददारी का अंदाज: शादी के बाद ऑफ सीजन में 60% गिरा गहनों का कारोबार, त्योहारों में फिर बढ़ी मांग, भारी ज्वेलरी से ग्राहकों ने बनाई दूरी, लाइटवेट डिजाइन की मांग बढ़ी;

त्योहारों में कारोबार 20% तक बढ़ने की उम्मीद

16 सितंबर 2026, Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल:

महंगे सोने से खरीददारों की प्राथमिकता में बदलाव
सोने-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब लोगों की ज्वेलरी खरीदारी पर साफ दिखाई दे रहा है। महंगे सोने के कारण ग्राहक खरीदारी से पीछे नहीं हट रहे, बल्कि उन्होंने अपना बजट, वजन, कैरेट और डिजाइन बदल लिया है। भोपाल के सराफा बाजार में शादी सीजन की तुलना में ऑफ सीजन में ज्वेलरी कारोबार करीब 60 प्रतिशत तक घट गया। शादी सीजन में जहां भोपाल में ज्वेलरी सहित शादी से जुड़ा कारोबार करीब 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान था, वहीं ऑफ सीजन में यह घटकर करीब 500 से 700 करोड़ रुपये तक रह गया।

अब तीजा, संतान सप्तमी, ऋषि पंचमी और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों के साथ बाजार में फिर मांग बढ़ी है। कारोबारियों के अनुसार ऑफ सीजन की तुलना में त्योहारों में ज्वेलरी की मांग करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ी है।

शादी सीजन में 3-4 हजार करोड़ का बाजार

नवंबर-दिसंबर 2024-25 के शादी सीजन में मध्यप्रदेश में 1 नवंबर से 14 दिसंबर के बीच करीब 1.85 लाख शादियां हुई थीं। कारोबारियों के अनुसार इस अवधि में प्रदेश में शादी से जुड़ा कारोबार करीब 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा। इसमें लगभग 20 प्रतिशत कारोबार प्री-बुकिंग के जरिए पहले ही हो गया था।

भोपाल में शादी सीजन के दौरान ज्वेलरी सहित शादी से जुड़े कारोबार का अनुमान करीब 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये लगाया गया था। इसके बाद ऑफ सीजन में बाजार काफी धीमा रहा और कारोबार करीब 500 से 700 करोड़ रुपये तक सिमट गया।

त्योहारों से बाजार में फिर लौटी रौनक

ऑफ सीजन के बाद त्योहारों ने सराफा बाजार को सहारा दिया है। कारोबारियों के मुताबिक तीजा, संतान सप्तमी, ऋषि पंचमी और गणेश चतुर्थी के दौरान ज्वेलरी की मांग में ऑफ सीजन के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।

कारोबारियों को इस साल त्योहारी सीजन में पिछले साल की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत अधिक कारोबार की उम्मीद है। वहीं भोपाल में अकेले धनतेरस पर 600 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

एक भारी जेवर के स्थान पर कई हल्के गहनों का चलन बढ़ा
22 की जगह कम कैरेट की ज्वेलरी की मांग

सोने की बढ़ती कीमतों ने ग्राहकों की पसंद में सबसे बड़ा बदलाव कैरेट और वजन को लेकर किया है। पहले शादी के लिए 22 कैरेट सोने की भारी ज्वेलरी को प्राथमिकता दी जाती थी। अब ग्राहक 9, 14, 18 और 20 कैरेट की ज्वेलरी की ओर बढ़ रहे हैं।

कारोबारियों के अनुसार इन कम कैरेट वाली ज्वेलरी की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत से बढ़कर 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। ग्राहक भारी ज्वेलरी की जगह प्लेन और लाइटवेट डिजाइन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

3 ग्राम की अंगूठी से 500 मिलीग्राम तक का ट्रेंड

महंगे सोने का असर ज्वेलरी के वजन पर भी दिख रहा है। पहले जहां तीन ग्राम तक की अंगूठी बनवाने का चलन था, वहीं अब कुछ ग्राहक करीब 500 मिलीग्राम तक की हल्की अंगूठी पसंद कर रहे हैं।

शादी में भी ग्राहक अपना पूरा बजट एक-दो भारी आभूषणों पर खर्च करने के बजाय कम वजन में ज्यादा डिजाइन और रोजाना इस्तेमाल की जा सकने वाली ज्वेलरी खरीदना पसंद कर रहे हैं।

सराफा कारोबारी पंकज सोनी के अनुसार, सोने की कीमत बढ़ने से ग्राहक खरीदारी बंद नहीं कर रहे हैं, बल्कि कम वजन और अलग-अलग कैरेट की ज्वेलरी की ओर जा रहे हैं। प्लेन और लाइटवेट डिजाइन की मांग में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।

अगले शादी सीजन में बढ़ सकता है कारोबार

कारोबारियों को आगामी शादी सीजन में पिछले साल की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत तक कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि सोने-चांदी की ऊंची कीमत इस अनुमान के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है।

सराफा कारोबारी योगेश सोनी के मुताबिक, ग्राहकों की खरीदारी जारी है, लेकिन महंगे सोने के कारण खरीदारी का तरीका बदल गया है। अब ग्राहक पहले की तुलना में बजट, वजन, कैरेट और डिजाइन को अधिक ध्यान में रखकर ज्वेलरी खरीद रहा है।

ग्राहकों की खरीददारी का कैसे बदला अंदाज?

  • 22 कैरेट की ज्वेलरी की जगह कम कैरेट की मांग बढ़ई।
  • 9, 14, 18 और 20 कैरेट की ज्वेलरी की हिस्सेदारी 40% से बढ़कर 70% तक पहुंचने का दावा।
  • भारी डिजाइन की जगह प्लेन और लाइटवेट ज्वेलरी पसंद की जा रही है।
  • अंगूठी का वजन 3 ग्राम से घटकर कुछ मामलों में 500 मिलीग्राम तक पहुंचा।
  • शादी में एक-दो भारी आभूषणों के स्थान पर हल्की डिजाइन के ज्यादा आभूषण खरीदने का नया चलन।
  • ऑफ सीजन में कारोबार करीब 60% गिरा, परंतु त्योहारों में ऑफ सीजन के मुकाबले मांग करीब 20% बढ़ी।
  • आगामी शादी सीजन में इसी ट्रेंड के साथ 15-20% कारोबार बढ़ने की उम्मीद।
  • धनतेरस पर भोपाल में 600 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: