IGRMS: पीजी डिप्लोमा इन म्यूजियोलॉजी

🎧 सुनें:

मानव संग्रहालय में 15 सितंबर से प्रारंभ होगा “पीजी डिप्लोमा इन म्यूजियोलॉजी" का 8वां बैच, देश के विभिन्न राज्यों से 17 चयनित विद्यार्थी होंगे शामिल;

चार दिवसीय ओरिएंटेशन में संग्रहालय की खुली व अंतरंग दीर्घाओं से कराया जाएगा रूबरू

14 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अपर्णा मिश्रा, भोपाल:

IGRMS में पी जी डिप्लोमा इन म्यूजियोलॉजी के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ
IGNUT अमरकण्टक
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (IGRMS), भोपाल एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU), अमरकंटक के संयुक्त तत्वावधान में संचालित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन म्यूजियोलॉजी (PGDM) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ 15 सितंबर 2026 से होने जा रहा है। वर्ष 2019-20 में प्रारंभ हुए इस प्रतिष्ठित एकवर्षीय रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम का यह आठवां बैच है। इस सत्र में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 17 चयनित छात्र-छात्राएँ प्रवेश ले रहे हैं।

नवागंतुक विद्यार्थियों के शैक्षणिक पथ-प्रदर्शन हेतु 15 सितंबर को पूर्वाह्न 11:00 बजे संग्रहालय के आवृत्ति भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में औपचारिक उद्घाटन एवं चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संग्रहालय के निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

उद्घाटन सत्र के उपरांत कोर्स कोऑर्डिनेटर एवं असिस्टेंट क्यूरेटर डॉ. एस. के. पांडेय, कोर्स को-कोऑर्डिनेटर एवं म्यूजियम एसोसिएट सुश्री आयशा गराबाडु तथा म्यूजियम असिस्टेंट सुश्री स्वेच्छा ठाकुर पाठ्यक्रम, शैक्षणिक रूपरेखा व शोध संभावनाओं की जानकारी देंगे। वहीं छात्रावास व आवासीय परिसर संबंधी नियमों से डॉ. मोहन लाल गोयल, सुश्री आयशा गराबाडु एवं सुश्री सुकन्या गुहा नियोगी विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे।

चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम की रूपरेखा:

  • 15 सितंबर (प्रथम दिन): औपचारिक उद्घाटन, पाठ्यक्रम व छात्रावास परिचय तथा दोपहर उपरांत खुली प्रदर्शनी के अंतर्गत कुम्हार पारा एवं ट्रेडिशनल टेक्नोलॉजी पार्क का शैक्षणिक भ्रमण
  • 16 सितंबर (द्वितीय दिन): प्रातःकालीन बर्ड वाचिंग (पक्षी दर्शन), ट्राइबल हैबिटेट व हिमालयन विलेज का भ्रमण तथा केंद्रीय पुस्तकालय अवलोकन व सदस्यता प्रक्रिया
  • 17 सितंबर (तृतीय दिन): प्रातः पी.टी. व्यायाम, मिथोलॉजिकल ट्रेल, रिवर वैली सिविलाइजेशन व रॉक आर्ट हेरिटेज की खुली प्रदर्शनियों का अध्ययन तथा कंजर्वेशन लैब व कंप्यूटर सुविधाओं का व्यावहारिक परिचय
  • 18 सितंबर (चतुर्थ दिन): शारीरिक व्यायाम, संग्रहालय के विशाल अंतरंग भवन 'वीथी संकुल' का विस्तृत भ्रमण, खेल व सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी तथा प्रशासनिक व लेखा अनुभाग द्वारा उपयोगी मार्गदर्शन

जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने ओरिएंटेशन की जानकारी दी
संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि इस विस्तृत ओरिएंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को संग्रहालय विज्ञान, मानवशास्त्रीय संरक्षण, दस्तावेजीकरण और फील्ड स्टडी की व्यावहारिक बारीकियों से परिचित कराया जाएगा, जिससे वे आगामी सत्र में प्रभावी रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: