Ink and Elected:
इंक एंड इंटेलेक्ट की बैठक में महिला नेतृत्व और सामुदायिक विकास की कार्य योजना पर मंथन, महिलाओं की प्रतिभा, अनुभव और नेतृत्व क्षमता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का संकल्प;
13 सितंबर 2026, Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल:
कायस्थ समाज की महिलाओं की प्रतिभा, अनुभव, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से गठित ‘इंक एंड इंटेलेक्ट’ की बैठक भोजपुर क्लब, भोपाल में आयोजित की गई। बैठक में संस्था की भावी दिशा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे अनुभव रखने वाले वरिष्ठ एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों ने मार्गदर्शक के रूप में सहभागिता की और सदस्यों के साथ संवाद करते हुए संस्था की आगामी गतिविधियों एवं कार्ययोजना को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया।
"Ink & Elected" संस्था संस्थापक डॉ. आरती सिन्हा एवं सदस्य
संस्था की संस्थापक डॉ. आरती सिन्हा ने बताया कि इंक एंड इंटेलेक्ट का उद्देश्य महिलाओं को केवल एक मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके ज्ञान, अनुभव, कौशल और नेतृत्व क्षमता को समाजोपयोगी गतिविधियों में प्रभावी रूप से परिवर्तित करना है। संस्था महिलाओं को अपनी विशेषज्ञता के अनुरूप सामाजिक विकास की विभिन्न पहलों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
बैठक के दौरान संस्कृति एवं विरासत, पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं आरोग्य, कौशल विकास, शिक्षा, सामाजिक सरोकार और विधिक सहायता जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। इन विषयों पर योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुख गतिविधियों के संचालन के लिए विषयवार कार्यक्षेत्र आधारित कार्यप्रणाली विकसित करने तथा सदस्यों को उनकी रुचि, अनुभव और विशेषज्ञता के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपने पर विचार किया गया।
दहेज प्रथा के विरुद्ध लिया सामूहिक संकल्प
बैठक में सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए ‘संकल्प वृक्ष’ की पहल की गई। सभी सदस्यों ने दहेज न लेने और न देने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर एक वृक्ष पर सभी सदस्यों ने अपने अंगूठे के निशान एवं हस्ताक्षर कर इस संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से अभिव्यक्त किया। इस पहल के माध्यम से संस्था ने सामाजिक बदलाव में व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका का संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी संस्था ने सकारात्मक पहल करते हुए प्लास्टिक की बोतलों के बहिष्कार का संदेश दिया। बैठक में शामिल सदस्य अपने घरों से पुन: उपयोग योग्य पानी की बोतलें लेकर पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को बढ़ावा देना और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
विशेष मार्गदर्शक सत्र में हुआ सार्थक संवाद
विशेष मार्गदर्शक सत्र के दौरान समाज की वर्तमान आवश्यकताओं, महिलाओं की प्रभावी भागीदारी, युवा पीढ़ी के लिए नए अवसरों के निर्माण तथा सामाजिक पहलों को व्यावहारिक स्तर पर आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। मार्गदर्शकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्था के सदस्यों को सामाजिक कार्यों को योजनाबद्ध, प्रभावी और परिणामदायी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। सदस्यों ने भी अपने विचार, सुझाव और कार्यक्षेत्र से जुड़े अनुभव साझा किए।
इस माह इंक एंड इंटेलेक्ट को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। इनमें महेंद्र श्रीवास्तव, एसआरए लीगल एंड रिस्क कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तथा कॉरपोरेट कनेक्शंस एवं बीएनआई ग्रेटर भोपाल के कार्यकारी निदेशक, संतोष कुमार सिन्हा, वरिष्ठ सेवानिवृत्त भारतीय रेल अभियांत्रिकी सेवा अधिकारी, अजय कुमार श्रीवास्तव, विधानसभा नियंत्रक एवं कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग, निमिष सिन्हा, अल्टरग्लोब पार्टनर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक ने अपने - अपने अनुभव और विशेषज्ञता से सदस्यों का मार्गदर्शन किया।
बैठक के दौरान सदस्यों के बीच मेल-मिलाप, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आपसी सहभागिता को भी प्रोत्साहित किया गया। आगामी कार्यक्रमों एवं सामाजिक पहलों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्राथमिकताओं और जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए कार्ययोजना तैयार की गई।
इस अवसर पर संस्थापक डॉ. आरती सिन्हा ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि प्रत्येक सदस्य अपनी क्षमता, अनुभव और रुचि के अनुरूप नेतृत्व की भूमिका निभाए और समाज के लिए सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बने। इंक एंड इंटेलेक्ट इसी सोच के साथ महिलाओं की सामूहिक शक्ति को सामाजिक विकास की दिशा में सार्थक रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर डॉ. सरिता, राजकुमारी श्रीवास्तव, कंचन किशोर, प्रांजू सक्सैना, रश्मी भटनागर, मंजरी श्रीवास्तव, नीरू श्रीवास्तव, यशस्वी सिन्हा, विनीता श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, कोपल श्रीवास्तव, निधि श्रीवास्तव, मीरा सक्सेना, डॉ. प्रवीणा कौशल, अल्पना जौहरी आदि शामिल रहे।