होली से पहले केमिकल ट्रीटमेंट से बचें, वरना हो सकता है स्किन रिएक्शन से हो सकता है रंग में भंग;
होली खुशियों और रंगों का त्योहार है, लेकिन इन रंगों में मौजूद केमिकल्स त्वचा और बालों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। इसलिए होली खेलने से पहले और बाद में सही देखभाल करना बेहद जरूरी है। इसके लिए अगर कुछ आसान सावधानियां रखी जाएं तो त्वचा को रूखेपन, एलर्जी और जलन से बचाया जा सकता है।शहर के स्किन स्पेशलिस्ट बता रहे हैं कि होली से पहले और बाद में किस तरह स्किन, आंख और बालों का ध्यान रखना चाहिए। आइये जानते हैं।
*होली खेलने से पहले शरीर पर लगाएं नारियल, बादाम या जैतून का तेल*
होली खेलने से पहले सबसे जरूरी है कि आप अपनी त्वचा और बालों पर अच्छी तरह तेल लगाएं। नारियल तेल, बादाम तेल या जैतून का तेल चेहरे, हाथ-पैर, गर्दन, स्कैल्प और बालों में लगा लें। इससे त्वचा पर एक सुरक्षा परत बन जाती है और रंग गहराई तक नहीं चिपकते। इसके बाद किसी गाढ़े माइश्चराइजर या बाडी लोशन का इस्तेमाल करें ताकि त्वचा में नमी बनी रहे और रैशेज या खुजली की समस्या न हो। चूंकि होली अक्सर धूप में खेली जाती है, इसलिए बाहर जाने से पहले कम से कम एसपीएफ 30 वाला ब्राड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाना जरूरी है, जिससे टैनिंग और सन डैमेज से बचाव हो सके।
*होली से 3-5 दिन पहले केमिकल ट्रीटमेंट कराने से बचे*
आंखों, होंठों, नाखूनों और हेयरलाइन के आसपास पेट्रोलियम जेली लगाएं, क्योंकि ये हिस्से ज्यादा संवेदनशील होते हैं। संभव हो तो चश्मा पहनें और फुल स्लीव कपड़े पहनकर त्वचा को ढककर रखें। होली से 3-5 दिन पहले वैक्सिंग, थ्रेडिंग, फेशियल या केमिकल पील जैसे ट्रीटमेंट बिल्कुल न करवाएं, क्योंकि इससे त्वचा संवेदनशील हो जाती है और रंगों से रिएक्शन हो सकता है।इसके साथ ही बालों के लिए भी पहले तेल लगाकर फिर माइल्ड शैंपू और कंडीशनर का उपयोग करें। जरूरत हो तो हेयर मास्क लगाएं ताकि रूखापन दूर हो सके।
*त्वचा से रंग को करें धीरे-धीरे साफ*
होली खेलने के बाद त्वचा को धीरे-धीरे साफ करें। किसी माइल्ड क्लींजर का इस्तेमाल करें और तुरंत जोर से स्क्रब न करें। पहले त्वचा पर तेल या कच्चा दूध हल्के हाथों से मसाज करें, जिससे रंग ढीले पड़ जाएं, फिर गुनगुने पानी से धो लें। अगर त्वचा में जलन नहीं है तो 24 घंटे बाद हल्का एक्सफोलिएशन किया जा सकता है। त्वचा को शांत करने के लिए एलोवेरा जेल, गुलाबजल या खीरे का जेल लगाएं, जिससे लालिमा और जलन कम हो। इसके बाद गाढ़ी माइश्चराइजिंग क्रीम या बाडी बटर लगाकर त्वचा की नमी वापस लाएं।
*इन बातों का भी रखें विशेष ध्यान*
हर्बल या प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करें।
होली के दौरान भरपूर पानी पिएं।
तुरंत स्क्रब, ब्लीच या केमिकल ट्रीटमेंट न करवाएं।
खुजली, रैशेज या जलन होने पर त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।
कुछ दिन रोज माइश्चराइजर लगाकर त्वचा की नमी बनाए रखें।
होली के आर्टिफिशियल रंगों में मौजूद केमिकल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे खुजली, जलन और एलर्जी हो सकती है। होली से पहले तेल या माइश्चराइजर लगाएं, हर्बल रंगों का उपयोग करें और बाद में त्वचा को हल्के साबुन से साफ कर दोबारा माइश्चराइजर जरूर लगाएं।
डा. नितिन पांडे, स्किन स्पेशलिस्ट
होली में केमिकल रंग त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए रंग खेलने से पहले नारियल या जैतून का तेल, माइश्चराइजर और एसपीएफ 30 सनस्क्रीन जरूर लगाएं। बाद में माइल्ड क्लींजर से स्किन को साफ करें और एलोवेरा जेल लगाएं। जलन या रैशेज होने पर तुरंत डाक्टर से सलाह लें।
नैन्सी अमराल अल्फांसो, स्किन एक्सपर्ट
