🎧 सुनें:

संगीत में सफलता के लिए मेहनत और धैर्य जरूरी: राज आशु और सीपी झा

अंज ठाकुर,भोपाल:

वूमेन अचीवर अवार्ड में शामिल होने भोपाल पहुंचीं प्लेबैक सिंगर सीपी झा और म्यूजिक कंपोजर व फिल्म डायरेक्टर राज आशु ने बातचीत में अपने संगीत सफर, संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। दोनों कलाकारों ने बताया कि म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान बनाने के लिए लगातार मेहनत, रियाज और धैर्य बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता से ज्यादा जरूरी अपने हुनर को लगातार निखारना है

“सबकी बारातें आईं” बना करियर का टर्निंग पॉइंट

प्लेबैक सिंगर सीपी झा ने बताया कि उनके प्रोफेशनल म्यूजिक करियर की शुरुआत शादी के बाद हुई। साल 2019 उनके लिए खास रहा, जब टी-सीरीज के साथ उनका पहला बड़ा प्रोजेक्ट रिलीज हुआ और इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी। मुंबई आने के बाद शुरुआती दिनों में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। इसी दौरान उन्हें एक गाना लिखने का मौका मिला और तब उन्हें एहसास हुआ कि वे सिर्फ गा ही नहीं सकतीं, बल्कि लिख भी सकती हैं। उन्होंने बताया कि उनका पहला गाना “जुत्ती” था, लेकिन 2020 में टिप्स म्यूजिक का गाना “सबकी बारातें आईं” उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। सीपी झा के अनुसार संगीत उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जुनून और आध्यात्मिक अनुभव भी है। वे मानती हैं कि म्यूजिक भावनाओं को व्यक्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है।

“माई फ्रेंड गणेशा” से मिला राज आशु को मिला बड़ा मौका

म्यूजिक कंपोजर और फिल्म डायरेक्टर राज आशु ने बताया कि उनका असली नाम अमित पांडे है, लेकिन इंडस्ट्री में उन्हें राज आशु के नाम से जाना जाता है। “आशु” उनका घर का नाम है, जबकि “राज” नाम उन्हें उनके गुरूजी ने दिया था। उनका मानना है कि कलाकार की पहचान उसके काम से होनी चाहिए, न कि सरनेम से।उन्होंने बताया कि उनके घर में बचपन से ही साहित्य और संगीत का माहौल था। पिता साहित्यकार थे और माता तबला वादक थीं। इसी माहौल से उन्हें संगीत की प्रेरणा मिली। अपने सपनों को पूरा करने के लिए वे मुंबई पहुंचे, जहां शुरुआती दिनों में काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्हें पहला बड़ा मौका फिल्म “माई फ्रेंड गणेशा-2” में मिला, जब उन्हें दस मिनट में एक धुन तैयार करने को कहा गया और वह सभी को पसंद आ गई। इसके बाद उन्होंने सोनू निगम, शान, मोहित चौहान, नीति मोहन और पायल देव जैसे कई बड़े कलाकारों के साथ काम किया।

युवाओं को दी सफलता प्राप्ति के लिए सलाह

दोनों कलाकारों का कहना है कि म्यूजिक इंडस्ट्री में सफलता पाने के लिए लगातार अभ्यास, मेहनत और धैर्य सबसे जरूरी हैं। उनका मानना है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता से ज्यादा महत्वपूर्ण अपनी कला को लगातार बेहतर बनाना है। अगर युवा पूरी लगन और समर्पण के साथ मेहनत करें, तो एक दिन उन्हें जरूर पहचान मिलती है।

पार्श्व गायिका सीपी झा

मेरे लिए संगीत सिर्फ पेशा नहीं, जुनून और आध्यात्मिक अनुभव है_सीपी झा




पार्श्व गायक राज आशु

आप संगीत को नहीं संगीत आपको चुनता है, कलाकार को बस मेहनत और धैर्य रखना चाहिए_राज आशु


📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: