कीर स्टार्मर का त्याग-पत्र

🎧 सुनें:

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का इस्तीफा, 10 साल में 6 पीएम बने ब्रिटेन में; एंडी बर्नमैन का नाम दौड़ में सबसे ऊपर

ब्रिटेन की राजनीति में वामपंथ का बढ़ सकता है वर्चस्व

Tropic Reporters, विदेश, 22 जून 2026:

दो साल पहले ऐतिहासिक जीत, फिर गिरती लोकप्रियता, पार्टी का दबाव और विवादों ने एक बार फिर ब्रिटेन की राजनीति में हलचल मचा दी है। ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने प्रधानमंत्री का पद छोड़ने का एलान कर दिया। जुलाई 2024 में भारी बहुमत के साथ सत्ता में आई लेबर पार्टी की सरकार के लिए यह फैसला बड़ा राजनीतिक मोड़ माना जा रहा है। स्टार्मर ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट से अपने संबोधन में कहा कि उनकी पार्टी अब यह सवाल पूछ रही थी कि क्या अगले आम चुनाव में नेतृत्व करने के लिए वही सबसे सही व्यक्ति हैं और उन्होंने पार्टी का जवाब स्वीकार कर लिया है।

ऐतिहासिक जीत से इस्तीफे तक का सफर

कीर स्टार्मर अप्रैल 2020 में लेबर पार्टी के नेता बने थे। उन्होंने लंबे समय बाद पार्टी को सत्ता में वापसी दिलाई और जुलाई 2024 के आम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर प्रधानमंत्री बने। शुरुआत में उनसे आर्थिक स्थिरता और प्रशासनिक सुधारों की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन सरकार का शुरुआती उत्साह धीरे-धीरे कम होने लगा।

इस्तीफे के पीछे क्या रही बड़ी वजह

स्टार्मर के सामने सबसे बड़ी चुनौती घरेलू मोर्चे पर बढ़ती असंतुष्टि रही। अर्थव्यवस्था को लेकर जनता की उम्मीदें पूरी नहीं हो सकीं, कई नीतियों में बदलाव और यू-टर्न के आरोप लगे तथा सरकार की दिशा को लेकर सवाल उठे। लगातार गिरती लोकप्रियता और चुनावी सर्वे में कमजोर प्रदर्शन ने पार्टी के भीतर चिंता बढ़ा दी। इसके अलावा पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की मांग तेज हो गई। मेकरफील्ड उपचुनाव में एंडी बर्नहैम की जीत के बाद लेबर सांसदों का एक बड़ा वर्ग नए नेतृत्व की ओर झुकता दिखाई दिया। रिपोर्टों के अनुसार कई सांसदों को अगले आम चुनाव से पहले चेहरा बदलना राजनीतिक रूप से बेहतर लगा।

एक अन्य विवाद लॉर्ड पीटर मेंडेलसन की नियुक्ति और उससे जुड़े राजनीतिक विवादों को लेकर भी रहा, जिसने सरकार की छवि पर असर डाला। वहीं आव्रजन, आर्थिक प्रदर्शन और नीति स्पष्टता को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरता रहा।

अब आगे क्या?

स्टार्मर ने स्पष्ट किया है कि वह नए नेता के चुने जाने तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहेंगे ताकि सत्ता का हस्तांतरण व्यवस्थित तरीके से हो सके। लेबर पार्टी में नए नेता के लिए नामांकन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू होगी और उम्मीद है कि संसद के दोबारा शुरू होने से पहले नया नेता चुना जाएगा। फिलहाल पूर्व ग्रेटर मैनचेस्टर मेयर एंडी बर्नहैम को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। यदि उन्हें बड़ी चुनौती नहीं मिलती है तो आने वाले हफ्तों में ब्रिटेन को नया प्रधानमंत्री मिल सकता है। स्टार्मर के इस्तीफे के साथ ब्रिटेन 2016 के बाद एक और नेतृत्व परिवर्तन की ओर बढ़ गया है, जो देश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों को भी दिखाता है।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: