भोपाल रेलवे; उद्घाटन की प्रतीक्षा में निशातपुरा स्टेशन
उद्घाटन की बाट जोहता निशातपुरा स्टेशन, स्वीकृति के बाद भी इंतजार खत्म नहीं;
सुविधा की आशा में यात्री
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 27 जून 2026:
रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद भी निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। करीब एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी स्टेशन यात्रियों के लिए नहीं खुलने से लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं कि जब सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं तो सुविधा मिलने में देरी क्यों हो रही है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और उद्घाटन के बाद संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
![]() |
| पूर्णकालिक स्टेशन बनने की बाट जोहता निशातपुरा |
निशातपुरा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को वर्तमान में ट्रेन पकड़ने के लिए भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन तक जाना पड़ता है। इससे अतिरिक्त समय, खर्च और आवागमन की परेशानी बढ़ रही है। रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, वरिष्ठ नागरिकों और नौकरीपेशा यात्रियों को इसका अधिक असर झेलना पड़ रहा है। प्रारम्भिक रूप से निशातपुरा में स्टापेज के लिए प्रस्तावित ट्रेन मालवा एक्सप्रेस एवं राजकोट एक्सप्रेस हैं।
स्टेशन शुरू होने से क्या होगा फायदा?
इससे सबसे अधिक आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को नजदीक से ट्रेन सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन पर गाड़ियों का दबाव कम हो सकता है। यात्रा में समय और अतिरिक्त खर्च की बचत होगी, लंबी दूरी के यात्रियों को सीधे लाभ मिलने की संभावना, स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
जबलपुर सीपीआरओ, हर्षित श्रीवास्तव के अनुसार, निशातपुरा रेलवे स्टेशन पूरी तरह तैयार हो चुका है और यहां दो ट्रेनों का स्टापेज भी निर्धारित किया गया है। अब उद्घाटन की प्रक्रिया शेष है। संभावना है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह तक स्टेशन का संचालन शुरू हो जाए। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधा और समय की बचत होगी।
भोपाल सांसद, आलोक शर्मा के अनुसार, निशातपुरा रेलवे स्टेशन को शीघ्र शुरू करने के लिए केंद्रीय स्तर पर पत्राचार किया गया है। आशा है कि शीघ्रातिशीघ्र तिथि तय होने के बाद संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को नई सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार स्टेशन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और परिचालन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रभावित होने वाले यात्रियों की भी मांग है कि संचालन शुरू करने की स्पष्ट समय-सीमा घोषित की जाए, ताकि लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिल सके।
