रक्षाबंधन 2026:

🎧 सुनें:

इस बार समय पर पहुंचेगी राखी, डाक विभाग ने पिछले साल की गलतियों से लिया सबक, 43 प्रधान डाकघरों में बनेंगे विशेष काउंटर;

अतिरिक्त स्टाफ रहेगा तैनात, विदेश भेजी जाने वाली राखियों पर भी रहेगा विशेष फोकस

Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 20 जुलाई 2026:

क्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है। हर साल लाखों बहनें अपने भाइयों तक राखी पहुंचाने के लिए डाक विभाग पर भरोसा करती हैं। इस बार रक्षाबंधन को देखते हुए मध्य प्रदेश डाक विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि हर राखी समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके। विभाग का दावा है कि पिछले साल आई तकनीकी परेशानियों से सबक लेते हुए इस बार व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाया गया है।

प्रदेश के 43 प्रधान डाकघरों में बनेंगे अलग काउंटर

मध्य प्रदेश के सभी 43 प्रधान डाकघरों (हेड पोस्ट आफिस) में राखी बुकिंग के लिए अलग काउंटर बनाए जाएंगे। इन काउंटरों पर केवल राखी और उससे जुड़े पार्सल स्वीकार किए जाएंगे, जिससे अन्य सेवाओं का असर राखी की बुकिंग पर नहीं पड़ेगा। भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और ग्राहकों की सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी।

विदेश भेजी जाने वाली राखियों पर भी विशेष ध्यान

डाक विभाग इस बार विदेशों में राखी भेजने के लिए भी विशेष अभियान चला रहा है। लोगों को समय पर बुकिंग और सही प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि विदेशों में रहने वाले भाइयों तक भी राखी समय पर पहुंच सके।

पिछले साल आई थीं तकनीकी दिक्कतें

वर्ष 2025 में डाक विभाग ने नया आईटी सिस्टम 2.0 लागू किया था। शुरुआती दिनों में नया साफ्टवेयर पूरी तरह स्थिर नहीं था और कर्मचारियों को भी इसकी पर्याप्त जानकारी नहीं मिल सकी थी। इसके कारण कई डाकघरों में सर्वर धीमा पड़ गया, नेटवर्क संबंधी समस्याएं आईं और राखी सहित अन्य डाक सामग्री की बुकिंग व प्रसंस्करण में देरी हुई। कुछ ग्राहकों को लंबी कतारों और इंतजार का भी सामना करना पड़ा था।

"इस वर्ष डाक विभाग ने सर्वर क्षमता बढ़ाने के साथ आईटी सिस्टम को पहले से अधिक मजबूत और स्थिर बनाया है। स्पीड पोस्ट की विशेष निगरानी, अतिरिक्त स्टाफ और तेजी से डाक प्रसंस्करण की व्यवस्था की गई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे राखी समय रहते बुक कराएं, ताकि समय पर सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित हो सके।"

--चंद्रेश जैन, सहायक निदेशक, परिमंडल डाक विभाग

"सावन को देखते हुए मध्य प्रदेश के सभी 43 प्रधान डाकघरों में गंगाजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। गंगाजल उत्तराखंड के गंगोत्री क्षेत्र से अधिकृत रूप से मंगाया जाता है। इसकी बिक्री बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान, विशेष कैंप और डाकघरों के बाहर अलग काउंटर लगाकर श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।"

--दिशा रघुवंशी, इंस्पेक्टर आफ पोस्ट्स, भोपाल

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: