लंबे इंतजार के बाद निशातपुरा रेलवे स्टेशन का 26 जुलाई को लोकार्पणज्ञ
भोपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन का 26 जुलाई को होगा लोकार्पण,
लंबे इंतजार के बाद लगभग तीन लाख लोगों को मिलेगी सुविधा;
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 22 जुलाई 2026ः
सांसद आलोक शर्मा की रेल मंत्री से मुलाकात के बाद हुआ फैसला
भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन जल्द शुरू कराने का आग्रह किया। इसके बाद रेल मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए और 26 जुलाई को लोकार्पण की तिथि तय कर दी।
![]() |
सांसद आलोक शर्मा की रेल मंत्री से मुलाकात के बाद लोकार्पण की तिथि तय |
शुरुआत में दो ट्रेनों का होगा संचालन
स्टेशन शुरू होने के साथ ही दो महत्वपूर्ण ट्रेनों इंदौर–जम्मूतवी मालवा एक्सप्रेस तथा जबलपुर–वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस का संचालन निशातपुरा रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार भविष्य में अन्य ट्रेनों के ठहराव और संचालन के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा।
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार था स्टेशन
निशातपुरा रेलवे स्टेशन का निर्माण काफी पहले पूरा हो चुका था और यहां अधिकांश यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध थीं। इसके बावजूद विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से स्टेशन का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था। अब लोकार्पण की तारीख तय होने के बाद इसके नियमित संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन पर कम होगा दबाव
रेलवे के अनुसार, निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने से भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा। साथ ही भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अपने नजदीक से ट्रेन पकड़ने की सुविधा मिलेगी। इससे शहर के भीतर अनावश्यक आवागमन कम होगा और ट्रैफिक पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
करीब तीन लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
रेलवे का अनुमान है कि स्टेशन शुरू होने से करीब तीन लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों का समय बचेगा, शहर के भीतर यात्रा आसान होगी और रेलवे परिचालन भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।
स्टेशन शुरू होगा, लेकिन चुनौतियां अभी भी बाकी
निशातपुरा स्टेशन यात्रियों के लिए खुल जाएगा, लेकिन कुछ बुनियादी सुविधाएं अभी अधूरी हैं और यात्रियों तक पहुंचने में अभी कुछ समय लग सकता है। स्टेशन तक पहुंचने के लिए अप्रोच रोड और शहर से सीधी कनेक्टिविटी पूरी तरह विकसित नहीं हो सकी है। स्टेशन के पास रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य जारी है, जिससे आने-जाने में दिक्कत हो सकती है। इसके अतिरिक्त पहली बार आने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन के प्रवेश (एंट्री) और निकास (एग्जिट) मार्ग की पहचान करना आसान नहीं होगा। स्टेशन पर ट्रेनों की वाटरिंग (पानी भरने) की व्यवस्था भी अभी उपलब्ध नहीं है, जिससे परिचालन संबंधी कुछ सीमाएं बनी रह सकती हैं।
![]() |
| यात्रियों की आवाजाही शुरु होगी, परंतु सुविधाएं मिलने में लगेगा समय |
भविष्य में बढ़ेंगीं सुविधाएं
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के संचालन के बाद यात्रियों की संख्या और जरूरतों के अनुसार यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही अन्य ट्रेनों के ठहराव और स्थानीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इससे आने वाले समय में निशातपुरा रेलवे स्टेशन भोपाल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल हो सकता है
.jpeg)



.jpeg)