एक पेड़ जिंदगी के नाम: पौधारोपण के साथ दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण का भी लिया संकल्प
"एक पेड़ जिंदगी के नाम" अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में रोपे गए 1000 पौधे, दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण का भी लिया संकल्प;
महापौर मालती राय सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने किया पौधारोपण
Tropic Reporters, अपर्णा मिश्रा, भोपाल, 28 जुलाई 2026:
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में मंगलवार को ‘एक पेड़, एक ज़िंदगी’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दैनिक भास्कर, करुणाधाम आश्रम, भोपाल नगर निगम एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में संग्रहालय परिसर में लगभग 1000 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य के निर्माण तथा समाज में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
![]() |
| "एक पेड़ जिंदगी के नाम" अभियान: मानव संग्रहालय में रोपे गए 1000 पौधे |
कार्यक्रम में भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। करुणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर सुरेश शांडिल्य जी महाराज एवं एडीजी (रेल) श्री राजाबाबू सिंह (भापुसे) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। महापौर श्रीमती मालती राय ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि, पौधारोपण के पश्चात् इन पौधों को वृक्ष बनने तक देखभाल करना हम सबका प्रमुख दायित्व होना चाहिए।
एडीजी रेल श्री राजा बाबू सिंह ने ड्रिप सिंचाई पद्यति से पौधों में पानी देने एवं सुरक्षित रखने पर बल दिया और हर व्यक्ति को कम से कम आठ वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
करुणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर श्री सुरेश शांडिल्य जी महाराज ने बताया कि यह वृक्ष रोपण कार्य बहुत ही नेक कार्य है और इसमे जुड़े सभी लोग भगवान के आशीर्वाद के पात्र हैंं।
वृहद वृक्षारोपण अभियान में डिप्टी कमांडेंट सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), केंद्रीय भंडार डिपो एवं कार्यशाला भोपाल के 50 जवानों, मप्र रेलवे पुलिस के जवानों, गणमान्य नागरिक श्री अरुणेश्वर सिंह देव (बाबा साहेब), पार्षद श्रीमति आरती जुनेजा, दैनिक भास्कर के स्टेट एडिटर श्री सतीश सिंह, श्री पांडे, श्री सतेंद्र यादव, करुणाधाम आश्रम के स्वयंसेवकों, मानव संग्रहालय के प्रशासनिक अधिकारी डा पी शंकर राव, डा सोमा किरो, डा सूर्य कुमार पांडे, राजेंद्र झरिया, डा मोहम्मद रेहान, राजीव जैन, डा रवींद्र गुप्ता,एन सकामचा सिंह, गरिमा अनन्द दुबे, डाॅ. सुदीपा रॉय सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, मोहित शेवानी, वृक्ष मित्र नितिन दुबे, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रकृति प्रेमियों , नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी, नेशनल स्कूल आफ़ ड्रामा (नसदार) के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अनेक नागरिक परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचे और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
दुर्लभ और पारंपरिक प्रजातियों का भी हुआ रोपण
अभियान की खास बात यह रही कि सामान्य पौधों के साथ-साथ मध्य भारत की दुर्लभ एवं पारंपरिक प्रजातियों के पौधे भी लगाए गए। इनमें अर्जुन, अचार, सोनापाठा, गरुड़, कुंभी, गम्हारी, शीशम, कैंकड़, बीजा, पाड़र, कुल्लू, धवा, सलई, तिनसा, हल्दू, कुसुम, आंवला, नीम, पीपल एवं भिलमा जैसी प्रजातियां शामिल हैं। इनके रोपण के माध्यम से क्षेत्र की जैव विविधता और पारंपरिक वनस्पति के संरक्षण का संदेश दिया गया।
मानव संग्रहालय के उद्यानिकी अधिकारी श्री धीर सिंह ने बताया कि,कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
मानव संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, छाया और सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। एक पेड़, एक ज़िंदगी’ अभियान ने भोपाल के नागरिकों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मानव संग्रहालय में 1000 पौधों का वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं देखभाल की भी अपील की।



















