निशातपुरा स्टेशन: शुरू हुआ रेल संचालन

🎧 सुनें:

तीन साल बाद निशातपुरा स्टेशन से शुरू हुआ रेल संचालन, सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी,  मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस का मिला ठहराव;

26 सितंबर के बाद बढ़ेगा ठहराव समय

Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 28 जुलाई 2026:


रीब तीन साल से संचालन का इंतजार कर रहे निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार से नियमित रेल सेवाओं की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही जबलपुर-वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के निशातपुरा स्टेशन पर नए ठहराव की भी शुरुआत हुई। लंबे समय से वीरान पड़े स्टेशन पर पहले दिन यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ नजर आई और स्टेशन परिसर में उत्साह का माहौल रहा।


भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बना निशातपुरा


करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार निशातपुरा रेलवे स्टेशन अब भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्टेशन शुरू होने से भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव कम होगा और दिल्ली की ओर से उज्जैन-इंदौर जाने वाली ट्रेनों को भविष्य में पटरी बदलने या इंजन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।


उन्होंने कहा कि मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा। इससे उज्जैन, सोमनाथ और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।


पहले दिन शुरू हुई टिकट बिक्री


निशातपुरा स्टेशन पर पहले दिन टिकट काउंटर भी शुरू किया गया। यहां से चार यात्रा टिकट और तीन प्लेटफार्म टिकट की बिक्री हुई। मालवा एक्सप्रेस शाम 5:42 बजे निशातपुरा स्टेशन पहुंची और 6:01 बजे रवाना हुई। इसके साथ ही स्टेशन पर नियमित रेल संचालन की शुरुआत हो गई।


26 सितंबर तक दोनों स्टेशनों से होगी बुकिंग


रेलवे के अनुसार 26 सितंबर तक मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस के लिए भोपाल और निशातपुरा दोनों स्टेशनों से टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। फिलहाल निशातपुरा स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव दो मिनट का रखा गया है।


26 सितंबर के बाद रिजर्वेशन सुविधा केवल निशातपुरा स्टेशन से उपलब्ध होगी और ट्रेनों का ठहराव बढ़ाकर 10 मिनट किया जाएगा।


भविष्य में बढ़ेंगी रेल सुविधाएं


मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के कई स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा भोपाल में 1,800 करोड़ रुपये की रेलवे कोच निर्माण परियोजना और इटारसी-भोपाल-बीना सहित कई रेलखंडों पर तीसरी व चौथी रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। इन परियोजनाओं से आने वाले समय में यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकेंगी।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: