अमृत भारत स्टेशन योजना:
मप्र के पुनर्विकसित 13 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल शुभारंभ, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ में की सहभागिता;
Tropic Reporters, Digital desk, टीकमगढ़/भोपाल, 17 जुलाई 2026:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मध्य प्रदेश के पुनर्विकसित टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो के प्रवेश द्वार तरिचर, हरपालपुर, सांची, अशोकनगर, बालाघाट, ब्यौहारी, छिंदवाड़ा, जुन्नारदेव, नैनपुर जंक्शन, विदिशा, शिवपुरी एवं भिंड सहित कुल 13 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों वर्चुअल शुभारंभ किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 20 राज्यों में पुनर्विकसित किए गए 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन से अमृत भारत स्टेशनों के लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की। सीएम डॉ. यादव प्रदेश को 13 अमृत भारत स्टेशन के रूप में ऐतिहासिक सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी तथा आधुनिक अमृत भारत रेलवे स्टेशनों से प्रदेश के पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 अमृत भारत स्टेशनों का एक साथ शुभारंभ भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और विकसित भारत के संकल्प की ऐतिहासिक उपलब्धि है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पुनर्विकसित टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र के विकास, पर्यटन और जनसुविधाओं का नया केंद्र बनेगा। नए अमृत भारत स्टेशन मध्यप्रदेश को नई पहचान, नया सम्मान और विकास की नई दिशा देंगे। हमारे लिए ये स्टेशन समृद्ध और गौरवशाली विरासत का प्रतिबिंब हैं।