विकास की रफ्तार के बीच स्टेशन पर अव्यवस्था का आलम:
विकास की रफ्तार के बीच स्टेशन पर फैली अव्यवस्था, मेट्रो निर्माण से सिकुड़ा रास्ता, प्लेटफार्म-6 तक पहुंचना हो रहा मुश्किल;
जाम और अतिक्रमण से रोज जूझ रहे हजारों यात्री; अधिकारी नहीं ले रहे सुध
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 20 जुलाई 2026:
भोपाल शहर एक ओर तो मेट्रो सिटी बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर इस विकास की सबसे बड़ी कीमत भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-6 से आने-जाने वाले हजारों यात्री रोज चुका रहे हैं। मेट्रो निर्माण के चलते प्रवेश मार्ग बुरी तरह प्रभावित हो गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए अब तक कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नजर नहीं आती। नतीजतन स्टेशन पहुंचने से लेकर ट्रेन पकड़ने तक लोगों को रोज जाम, अव्यवस्था और असुविधाओं से जूझना पड़ रहा है। सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य अभी कई वर्षों तक चलना है, तो क्या यात्रियों को भी इतने लंबे समय तक इसी बदहाल व्यवस्था के भरोसे छोड़ दिया जाएगा या फिर जिम्मेदार विभाग उनकी सुविधाओं के लिए भी कोई ठोस कदम उठाएंगे?
![]() |
| मेट्रो निर्माण से भोपाल स्टेशन पर यात्रियों का असुविधाओं से सामना |
यात्रियों के सामने मुख्य समस्याएं:
- मुख्य सड़क पर दिनभर भारी ट्रैफिक जाम।
- स्टेशन के प्रवेश द्वार पर कचरे का अंबार।
- एटीएम के पास बना अस्थायी शौचालय।
- मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण।
- अतिक्रमण और मेट्रो निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित।
![]() |
| भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म 6 तक पहुँचने के लिए संघर्षरत् यात्री |
संकरे रास्ते से गुजरने को मजबूर यात्री
स्टेशन के गेट नंबर-6 से प्रतिदिन हजारों यात्री और उनके परिजन आवागमन करते हैं। मेट्रो निर्माण के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। आटो, ई-रिक्शा, निजी वाहन और पैदल यात्री एक ही संकरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में यहां लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में समय लगता है।
"मेट्रो निर्माण का काम जरूरी है, लेकिन जब तक काम पूरा नहीं होता तब तक यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग, अतिक्रमण हटाने, नियमित साफ-सफाई और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था होनी चाहिए। मुझे लगता है कि संबंधित विभागों के समन्वय से ही लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सकती है।"
--तोरन सिंह पथरोड़, स्थानीय निवासी
"मेट्रो निर्माण के कारण प्लेटफार्म नंबर-6 की ओर यातायात प्रभावित है। सड़क संकरी होने से परेशानी बढ़ी है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगातार मौके पर तैनात हैं और यातायात सुचारु रखने के साथ अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी कर रहे हैं।"
--विजय दुवे, एसीपी, ट्रैफिक पुलिस भोपाल
"शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। रेलवे स्टेशन के आसपास भी नियमित अभियान चलाया जाता है। प्लेटफार्म नंबर-6 पर ठेलों और अन्य अवैध अतिक्रमण को ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर जल्द हटाया जाएगा।"
--हीरेंद्र कुशवाह, उपायुक्त, नगर निगम
"मैंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। स्टेशन की व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करूंगा। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और व्यवस्था में जल्द सुधार कराया जाएगा।"
--राजेश कुमार, स्टेशन मास्टर, भोपाल





