सीएम की इंदौर के लिए बड़ी सौगात; डबल लेयर फ्लाइओवर शुरू:

🎧 सुनें:

इंदौर को मिली बड़ी सौगात: प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर के एक लेयर पर आवागमन शुरू, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत;

Tropic Reporters, Digital desk, इंदौर/भोपाल, 23 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर के लवकुश चौराहे पर प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण किया। करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को उन्होंने आधुनिक तकनीक और उन्नत इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि "इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात को सुगम बनाएगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और लोगों को सुरक्षित व सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

करीब 1450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने कराया है। इसकी खासियत त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है। पहले स्तर पर सामान्य सड़क यातायात, दूसरे स्तर पर मौजूदा फ्लाईओवर और मेट्रो कॉरिडोर, जबकि तीसरे स्तर पर नया डबल लेयर फ्लाईओवर बनाया गया है। परियोजना में 22 मीटर ऊंचाई पर 65 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर लगाए गए हैं। कुल 800 टन स्टील का उपयोग इसे प्रदेश की महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग परियोजनाओं में शामिल करता है।

फिलहाल फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू होने से अरविंदो से बाणगंगा की ओर यातायात शुरू हो गया है। दूसरी भुजा का निर्माण अंतिम चरण में है और इसके शुरू होने के बाद पूरे क्षेत्र में यातायात और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: