टीकमगढ़, 'वी क्लब' की कार्यशाला:

🎧 सुनें:

स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है: आरती साहू, 'वी क्लब' की कार्यशाला में 150 छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित;

Tropic Reporters, Digital desk, टीकमगढ़, 21 जुलाई 2026:


वी क्लब टीकमगढ़ द्वारा नजरबाग स्थित शासकीय हाईस्कूल शिशु मंदिर टीकमगढ़ में किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता एवं संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 150 छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए तथा मासिक धर्म के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 16 की पार्षद श्रीमती आरती साहू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रेखा बड़गैंया उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं संक्रमण से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि आरती साहू ने छात्राओं से व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आग्रह करते हुए कहा कि साफ-सफाई बनाए रखने से संक्रमण जैसी अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. रेखा बड़गैंया ने बताया कि मासिक धर्म के दौरान हल्का दर्द सामान्य है, लेकिन यदि दर्द असहनीय हो तो बिना संकोच चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई कपड़े का उपयोग करती है तो वह पूरी तरह साफ और सूखा होना चाहिए, क्योंकि गंदे कपड़े के उपयोग से संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने छात्राओं को बाजार तथा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों पर उपलब्ध किफायती सैनिटरी पैड के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही उपयोग किए गए सैनिटरी पैड का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की जानकारी भी दी।

मासिकधर्म प्रत्येक लड़की के जीवन की जैविक प्रक्रिया: पूनम अग्रवाल

इस अवसर पर वी क्लब टीकमगढ़ की अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने कहा कि मासिक धर्म प्रत्येक लड़की के जीवन की एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है। इस दौरान किसी भी प्रकार की शारीरिक समस्या होने पर बच्चियों को झिझक या संकोच नहीं करना चाहिए, बल्कि अपनी मां, दादी, चाची, बड़ी बहन अथवा परिवार के किसी विश्वसनीय सदस्य से खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही बेहतर स्वास्थ्य की पहली सीढ़ी है। कार्यक्रम के अंत में वी क्लब द्वारा सभी अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर वी क्लब की सचिव शिवानी खेबरिया, कोषाध्यक्ष विभा श्रीवास्तव, रजनी रावत, शशि शुक्ला, सुनीता वर्मा, दिव्या अग्रवाल, ममता जैन, अनुराधा जैन, विद्यालय की प्राचार्य रजनी जैन, क्लब की सदस्याएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: