UCC से महिलाओं और समाज को मिलेगा न्याय:
यूसीसी विधेयक पारित होना सामाजिक न्याय और समानता की ऐतिहासिक जीत, समान नागरिक संहिता से महिलाओं और समाज को मिलेगा न्याय: भाजपा नेत्री रानी अजया सिंह;
Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल, 25 जुलाई 2026:
![]() |
| भाजपा नेत्री रानी अजया सिंह |
भारतीय जनता पार्टी की नेत्री अजया सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित किए जाने का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक, दूरदर्शी और सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता किसी धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि संविधान की मूल भावना "सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और समान न्याय" को व्यवहार में लागू करने का सशक्त माध्यम है। यह विधेयक महिलाओं को समान अधिकार, पारिवारिक मामलों में न्याय और समाज में समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
अजया सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि वह केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि संविधान सम्मत और जनहितकारी निर्णयों की सरकार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में विकसित भारत के संकल्प के साथ सामाजिक समरसता और समान न्याय की अवधारणा निरंतर मजबूत हो रही है तथा मध्यप्रदेश ने इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से समान नागरिक संहिता केवल राजनीतिक बहस का विषय बनी रही, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प को पूरा करते हुए इसे धरातल पर उतारने का कार्य किया है। इससे महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों को नई मजबूती मिलेगी तथा न्याय व्यवस्था अधिक पारदर्शी और समान होगी।
अजया सिंह ने प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विधेयक सामाजिक समरसता, लैंगिक समानता और संवैधानिक मूल्यों को सशक्त करने वाला मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मध्यप्रदेश का यह कदम देश के अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
करोड़ों की सौगात देने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार
रानी अजया सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पन्ना प्रवास के दौरान 204 करोड़ से अधिक के 22 विकास कार्यों की सौगात पर देवेंद्रनगर एवं पन्ना की जनता की तरफ से धन्यवाद देते हुए आभार जताया है। श्रीमती सिंह ने कहा कि इन विकास कार्यों से पन्ना जिले के विकास को एक नया आयाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में मध्यप्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर है।
