मन की बात:जीवन को नई दिशा देने वाला जन अभियान:
'मन की बात' केवल कार्यक्रम नहीं, जीवन को नई दिशा देने वाला जन अभियान - राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में हुए शामिल;
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 26 जुलाई 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में शामिल हुए मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि यह केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जीवन को नई दिशा देने वाला जन अभियान है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे इस कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
![]() |
| मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल |
![]() |
| 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण में भाग लेते राज्यपाल मंगुभाई पटेल |
राज्यपाल रविवार को भोपाल स्थित कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ सभागार में 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक एपिसोड में देशभर के ऐसे प्रेरक प्रसंग साझा करते हैं, जो सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं। यह कार्यक्रम सकारात्मक सोच, जन-भागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि छात्राएं देश का भविष्य हैं और उन्हें इस कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय मंच देती है। ग्रामीण विकास, नवाचार, जनकल्याण और समाजहित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी इस मंच के माध्यम से पूरे देश तक पहुंचते हैं। इससे लोगों में नया उत्साह, नया विश्वास और नए लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।
राज्यपाल ने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, चरित्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति से सीखने और सभी का सम्मान करने की आदत विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम से पहले राज्यपाल ने विद्यालय की छात्राओं द्वारा विज्ञान, इतिहास, कला और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं के नवाचार, मॉडल और प्रस्तुतिकरण की सराहना करते हुए विद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रबंधन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, लोक शिक्षण विभाग के संचालक डी.एस. कुशवाहा, प्राचार्य संगीता सक्सेना सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

