ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन 2026:
BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन का भोपाल में दूसरा दिन, सांस्कृतिक सहयोग पर मंथन, विशेष प्रदर्शनियों में सम्मिलित हुए आम लोग;
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 06 अगस्त 2026:
राजधानी भोपाल में आयोजित ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 का गुरुवार को दूसरा दिन है। इस दौरान ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र के मसौदे और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संग्रहालयों के विकास, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और सदस्य देशों के बीच लोगों से लोगों के जुड़ाव को मजबूत करने जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा।
कार्य समूह की ओर से तैयार की गई सिफारिशें गुरुवार को होने वाली मंत्रिस्तरीय बैठक में संस्कृति मंत्रियों के विचार-विमर्श का आधार बनेंगी। वहीं, शाम को रविंद्र भवन में आयोजित ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव में सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जिससे विभिन्न देशों की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
सम्मेलन के साथ ही कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) परिसर में 'ज्ञान भारतम', 'प्रोजेक्ट मौसम' और 'प्रोजेक्ट बृहत्तर भारत' विषयों पर तीन विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। ये प्रदर्शनियां आम जनता के लिए खुली हैं। इनमें भारत की समृद्ध पांडुलिपि विरासत, समुद्री सांस्कृतिक संबंधों और विभिन्न सभ्यताओं के ऐतिहासिक जुड़ाव को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में भारत की पहलों को भी दर्शाया गया है।
सम्मेलन में शामिल विदेशी मेहमानों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। लंच और डिनर में मध्यप्रदेश के पारंपरिक व्यंजन जैसे दाल बाफले, निमोना, रिकमच, गुइया की सब्जी, चंबल का थोपा, चंदिया, बड़ा तथा मिलेट्स आधारित कोदो और कुटकी परोसे जा रहे हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मेहमानों की पसंद को ध्यान में रखते हुए वेस्टर्न और ओरिएंटल व्यंजनों की भी विशेष श्रृंखला तैयार की गई है, ताकि उन्हें भारतीय और वैशिक स्वाद का संतुलित अनुभव मिल सके।