भोपाल: संसद यूथ पार्लियामेंट 2026

🎧 सुनें:

युवा डॉक्टर-इंजीनियर ही नहीं, राजनीति में भी आएं: सीएम मोहन यादव, ‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2026’ का शुभारंभ;

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 13 अगस्त 2026:

‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2026’ का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने तक सीमित न रहें, बल्कि राजनीति में आकर लोकतंत्र को मजबूत करें और देश की नीतियां बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री गुरुवार को विधानसभा भवन स्थित विधान परिषद में आयोजित ‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2026’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभर से आए युवा संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर संसदीय शैली में चर्चा करेंगे। इसमें 12 राज्यों और 58 शहरों के युवाओं ने हिस्सा लिया है।

नेताजी का उदाहरण देकर युवाओं को किया प्रेरित

मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने आईसीएस परीक्षा पास करने के बाद भी अंग्रेजों की नौकरी स्वीकार नहीं की और देश की आजादी के आंदोलन में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक युवाओं ने अपना जीवन समर्पित किया। आज युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे लोकतंत्र और देश के भविष्य को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

यूसीसी पर भी बोले सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर व्यापक स्तर पर सुझाव लिए गए। सभी जिलों और विभिन्न धर्मों के लोगों से राय ली गई। उन्होंने दावा किया कि यूसीसी के सर्वे में 76 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं ने इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश बड़े राज्यों में अग्रणी है, जिसने यूसीसी लागू करने के लिए विधेयक पारित किया है।

‘युवा संसद लघु भारत जैसी’- मुख्यमंत्री

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि युवा अवस्था में व्यक्ति अपने साथ देश के भविष्य का भी निर्माण कर सकता है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और अशफाक उल्लाह खां सहित स्वतंत्रता सेनानियों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि युवा संसद का आयोजन लघु भारत की तरह है, जहां अलग-अलग राज्यों से आए युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझ रहे हैं।

"रोजगार देने वाले बनें युवा"- दिलीप सूर्यवंशी

दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। वहीं युवा सांसद आरब सिंह शर्मा ने कहा कि सरकार की कोशिश युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की है। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य पद्मश्री डॉ. विकास महात्मे और विधानसभा सचिव अरविंद शर्मा का सम्मान भी किया गया।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: