बच्चे समझदारी से करें AI का उपयोग:
बहुत समझदारी से करें AI का इस्तेमाल, सांदीपनि विद्यालय में छात्राओं से संवाद में बोले सीएम मोहन यादव, मेहनत और अनुशासन होती है सफलता की कुंजी;
Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 06 अगस्त 2026:

सांदीपनि विद्यालय में छात्राओं से संवाद करते सीएम डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को टीटी नगर स्थित कमला नेहरू सांदीपनि शासकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं और शिक्षकों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही मंजिल तक पहुंचने की असली कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल का भारत हैं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना युवा पीढ़ी ही साकार करेगी।
संवाद के दौरान छात्राओं ने मुख्यमंत्री से पढ़ाई, करियर, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े सवाल भी पूछे। एक छात्रा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि वे ChatGPT जैसे AI टूल्स का उपयोग कार्यक्रमों और भाषणों के लिए नई जानकारी जुटाने में करते हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि AI अंतिम सत्य नहीं है। इसका उपयोग करें, लेकिन अपने विवेक का इस्तेमाल करें और तथ्यों को क्रॉस-चेक करना कभी न भूलें। इंस्टाग्राम को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया जरूरी है और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो करते हैं।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को पाठ्यक्रम के साथ लक्ष्य आधारित अध्ययन, खेल, अनुशासित दिनचर्या और लगातार सीखते रहने की सलाह दी। उन्होंने अपने छात्र जीवन और पीएचडी तक की पढ़ाई का अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय की लाइब्रेरी, प्रयोगशाला, संगीत कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और छात्राओं द्वारा संचालित बाल कैबिनेट की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहले चरण में 368 सांदीपनि विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि दूसरे चरण में 405 नए सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।
शिक्षकों से संवाद में मुख्यमंत्री ने शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाने पर जोर दिया और विद्यार्थियों को कृषि, उद्यमिता, सेना, राजनीति तथा अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी दिलाया।