रेल यात्रियों को बड़ी राहत: कन्फर्म टिकट के साथ ऑनलाइन बुक होगा अतिरिक्त सामान
भोपाल सहित देशभर के रेल यात्रियों को बड़ी राहत, अब कन्फर्म टिकट के साथ ऑनलाइन बुक होगा अतिरिक्त सामान, पार्सल कार्यालय के चक्कर होंगे खत्म;
घर बैठे होगी लगेज बुकिंग, जानिए वजन सीमा, शुल्क और पूरी प्रक्रिया
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 02 अगस्त 2026:
भोपाल, रानी कमलापति, इटारसी, बीना और आसपास के रेलवे स्टेशनों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए 1 अगस्त 2026 का दिन एक अच्छी खबर ले कर आया है। अब ट्रेन यात्रा के दौरान अतिरिक्त सामान ले जाना पहले से कहीं अधिक आसान होने वाला है। भारतीय रेलवे कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के लिए ऑनलाइन निजी लगेज बुकिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को भारी सामान बुक कराने के लिए स्टेशन के पार्सल कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे यात्रा से पहले ही घर बैठे सामान की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल, पारदर्शी और समय बचाने वाली सुविधा उपलब्ध कराना है।
कन्फर्म टिकट वालों को मिलेगा लाभ
रेलवे बोर्ड ने 20 जुलाई 2026 को सभी जोनल रेलवे को निर्देश जारी कर इस सुविधा को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सुविधा केवल कन्फर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए होगी। यात्री अपने साथ आरक्षित कोच में ले जाने वाले निर्धारित सीमा तक के अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के दौरान वजन सीमा, प्रतिबंधित वस्तुओं और लगने वाले शुल्क की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी।
मुफ्त सामान ले जाने की सीमा निश्चित है
रेलवे ने विभिन्न श्रेणियों के लिए मुफ्त सामान की सीमा तय की है। फर्स्ट एसी में 70 किलोग्राम, फर्स्ट क्लास और सेकेंड एसी में 50 किलोग्राम, थर्ड एसी (3AC), एसी चेयर कार (CC) और स्लीपर क्लास में 40 किलोग्राम तथा सेकेंड क्लास में 35 किलोग्राम तक सामान बिना अतिरिक्त शुल्क के ले जाया जा सकेगा। निर्धारित सीमा से अधिक लेकिन अधिकतम अनुमत वजन तक सामान ले जाने पर यात्रियों को लगेज दर का 1.5 गुना शुल्क देना होगा।
नियमों का रखना होगा ध्यान
रेलवे के अनुसार 3AC, 3E और एसी चेयर कार में मुफ्त और अधिकतम अनुमत वजन समान होने के कारण इन श्रेणियों में अतिरिक्त लगेज की अलग से बुकिंग नहीं होगी। वहीं यात्री अधिकतम 100×60×25 सेंटीमीटर आकार तक का ट्रंक, सूटकेस या बॉक्स अपने साथ कोच में ले जा सकेंगे। इससे बड़ा सामान ब्रेक वैन में बुक कराना होगा। व्यावसायिक (मर्चेंडाइज) सामान को निजी लगेज के रूप में आरक्षित कोच में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
ऐसे होगी ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया
यात्री अपने आईआरसीटीसी (IRCTC) अकाउंट में लॉगिन कर कन्फर्म टिकट (पीएनआर) चुनेंगे। इसके बाद 'बुक लगेज' या 'एक्सेस लगेज बुकिंग' विकल्प पर जाकर सामान का वजन, संख्या और आकार दर्ज करेंगे। सिस्टम स्वतः शुल्क बताएगा। ऑनलाइन भुगतान करने के बाद ई-रसीद और लगेज बुकिंग नंबर जारी होगा। यात्री जरूरत पड़ने पर यह रसीद दिखा सकेंगे और अपने बुक किए गए सामान की ऑनलाइन ट्रैकिंग भी कर पाएंगे।
भोपाल के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
भोपाल मंडल से प्रतिदिन हजारों यात्री पढ़ाई, नौकरी, व्यापार और इलाज के लिए देश के अलग-अलग शहरों की यात्रा करते हैं। कई यात्रियों के पास निर्धारित सीमा से अधिक सामान होता है, जिसके लिए उन्हें पार्सल कार्यालय में लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से यह प्रक्रिया आसान होगी, स्टेशन पर भीड़ कम होगी और यात्रियों का समय बचेगा। रेलवे का मानना है कि यह कदम डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ यात्रा को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।