रक्षाबंधन: घर से होगी राखी भेजने की बुकिंग
राखी भेजने के लिए अब डाकघर जाने की जरूरत नहीं, घर से होगी बुकिंग, 'क्लिक & बुक' से स्पीड पोस्ट और पार्सल की सुविधा, पोस्टमैन घर से करेगा पिकअप;
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 14 अगस्त 2026:
रक्षाबंधन के मौके पर राखी भेजने वालों के लिए डाक विभाग ने प्रक्रिया आसान कर दी है। अब राखी या अन्य डाक सामग्री भेजने के लिए लोगों को डाकघर जाकर लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं है। इंडिया पोस्ट की 'Click N' Book' सेवा के जरिए घर बैठे स्पीड पोस्ट या पार्सल की ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। बुकिंग के बाद पोस्टमैन ग्राहक के घर पहुंचकर पार्सल पिकअप कर लेता है।
इसके अलावा भोपाल डाक संभाग ने रक्षाबंधन को देखते हुए एक और सुविधा शुरू की है। ग्राहक अपने क्षेत्र में आने वाले पोस्टमैन को राखी, पत्र या अन्य डाक सामग्री देकर उसकी बुकिंग करा सकते हैं। पोस्टमैन उपलब्ध सेवा के अनुसार इसकी बुकिंग करेगा और ग्राहक को रसीद भी उपलब्ध कराएगा।
2025 से सभी मुख्य और उप डाकघरों में है सुविधा
'Click N' Book' सेवा वर्ष 2022 में कुछ चुनिंदा डाकघरों से शुरू की गई थी। सितंबर 2025 से इसे शाखा डाकघरों को छोड़कर सभी मुख्य और उप डाकघरों में लागू कर दिया गया है। भोपाल सहित मध्य प्रदेश के सभी मुख्य और उप डाकघरों में इसका लाभ लिया जा सकता है। सभी पिनकोड के लिए यह सुविधा उपलब्ध है।
5 किलो तक के पार्सल की बुकिंग
'क्लिक N' बुक' से एक बार में अधिकतम पांच आर्टिकल बुक किए जा सकते हैं। इन सभी का कुल वजन पांच किलो से अधिक नहीं होना चाहिए। यदि कुल पोस्टेज 500 रुपये से कम है तो 50 रुपये पिकअप चार्ज देना होगा। वहीं, 500 रुपये या इससे अधिक पोस्टेज होने पर पिकअप शुल्क नहीं लगेगा। प्रतिबंधित वस्तुओं को इस सुविधा के तहत भेजने की अनुमति नहीं है।
भोपाल में अब तक 123 से अधिक पिकअप रिक्वेस्ट मिल चुकी हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग घर बैठे डाक भेजने की सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ऐसे करें Click N Book से बुकिंग
सबसे पहले इंडिया पोस्ट के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। ग्राहक नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज कर अकाउंट बना सकते हैं। जरूरत पड़ने पर गेस्ट लॉगिन से भी बुकिंग की जा सकती है। लॉगिन के बाद 'Click N' Book' विकल्प चुनकर स्पीड पोस्ट या पार्सल सेवा का चयन करें।
इसके बाद भेजने वाले और प्राप्तकर्ता का पूरा पता, मोबाइल नंबर और पार्सल का अनुमानित वजन दर्ज करें। ऑनलाइन भुगतान करने के बाद बुकिंग पूरी हो जाएगी। ग्राहक को Transaction ID मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा।
दो समय स्लॉट में हो सकता है पिकअप
पिकअप के लिए सामान्य तौर पर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे और दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक के स्लॉट उपलब्ध होते हैं। कटऑफ समय से पहले बुकिंग होने पर उसी दिन पिकअप हो सकता है, जबकि इसके बाद की बुकिंग में अगले कार्य दिवस पिकअप किया जा सकता है।
पिकअप के बाद पार्सल को मिले ट्रैकिंग नंबर से ऑनलाइन ट्रैक भी किया जा सकता है। डाक विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन पर इस सुविधा से लोगों को डाकघर जाने और कतार में लगने से राहत मिलेगी।