भोपाल बनेगा मेट्रोपॉलिटन सिटी:

🎧 सुनें:

भोपाल को छह जिलों के साथ मिलेगी मेट्रोपॉलिटन सिटी की पहचान: सीएम मोहन यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है;

'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर विभाजन की पीड़ा को किया याद

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 14 अगस्त 2026:

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शौर्य स्मारक से विशाल तिरंगा यात्रा को रवाना करते सीएम

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। शौर्य स्मारक तिराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा को तिरंगा दिखाकर रवाना किया और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

छह जिलों को जोड़कर बनेगा मेट्रोपॉलिटन सिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल और इंदौर के आसपास के क्षेत्रों को शामिल कर प्रदेश को दो मेट्रोपॉलिटन सिटी की सौगात मिलने जा रही है। भोपाल को छह जिलों को मिलाकर मेट्रोपॉलिटन सिटी का स्वरूप दिया जाएगा। इससे राजधानी भोपाल का महत्व और गौरव बढ़ेगा।

भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने की अधिसूचना जारी (सौजन्य: DPR MP)

उद्योग और रोजगार पर सरकार का जोर

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। प्रदेश में औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार और रोजगार बढ़ने से प्रदेश में समृद्धि आएगी और मध्यप्रदेश विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगा।

विभाजन की पीड़ा को भी किया याद

मुख्यमंत्री ने 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर विभाजन के दौरान अपना घर-बार छोड़ने वाले सिख-पंजाबी और सिंधी परिवारों को याद किया। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए लोगों ने बड़ा त्याग किया। उन्होंने कामना की कि भारत की सांस्कृतिक धारा फिर से एक हो।

'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' पर कार्यक्रम का आयोजन (सौजन्य: DPR MP) 

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा भारत माता चौराहे की ओर रवाना हुई। कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: