हर संभव फाउंडेशन का भव्य सावन उत्सव आयोजन:

🎧 सुनें:

सावन की फुहारों संग झूमी महिलाएं, हर संभव फाउंडेशन का भव्य आयोजन, भक्ति और संस्कृति के रंगों में रंगा सावन उत्सव, ‘सावन सुंदरी-2026’ बनीं डॉ. अंबिका मिश्रा;

24 अगस्त 2026, Tropic Reporters, संदीप सिंह, रायपुर:

हर संभव फाउंडेशन का भव्य सावन उत्सव आयोजन
सेवा, संस्कार एवं समर्पण के उद्देश्य से निरंतर कार्यरत हर संभव फाउंडेशन द्वारा अभनपुर में सावन उत्सव एवं ‘सावन सुंदरी-2026’ प्रतियोगिता के सातवें संस्करण का भव्य आयोजन किया गया। सावन के उल्लास, भक्ति और भारतीय संस्कृति से सराबोर इस आयोजन में महिलाओं, बच्चों एवं विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं भजन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रीती उपाध्याय उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में मिलना कुर्रे, मीनाक्षी पांडे एवं सीमा खन्ना शामिल रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में कविता पाठक एवं नीतू मंडल ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए निर्णायक की भूमिका दलमीत सिंह ने निभाई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी लोक नृत्यक रागनी साहू भी मौजूद रहीं।

इस अवसर पर हर संभव फाउंडेशन की प्रमुख पुष्पलता त्रिपाठी ने संस्था द्वारा वर्षभर किए जा रहे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यों तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की। अतिथियों का हरित पौधा, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। आयोजन में आशुतोष अलका मेमोरियल वेलफेयर ट्रस्ट की प्रमुख ट्रस्टी कुशल अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। आयोजन में नेहा संतोषवार और रेवती सिंह ने शानदार मंच संचालन किया।

शिव-पार्वती एवं राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति

ईश्वर रूप में प्रतिभागी एवं संस्था सदस्य
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण शिव-पार्वती एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। पुष्प वर्षा के बीच लाल चुनरी के नीचे भगवान कृष्ण एवं राधारानी के भव्य आगमन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात चरण प्रक्षालन, टीका-चंदन, आरती एवं श्रीफल अर्पित कर श्रद्धा भाव से चरण स्पर्श किया गया। श्रद्धालुओं एवं उपस्थित अतिथियों ने स्तुति की, जिसके बाद सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने पूरे वातावरण को भक्ति और उल्लास से सराबोर कर दिया।

आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘सावन सुंदरी-2026’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में डॉ. अंबिका मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘सावन सुंदरी-2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया, जबकि दीपाली दुबे उपविजेता रहीं। विजेता की ताजपोशी ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण और उत्साह का माहौल बना दिया।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने मारी बाजी

गायन प्रतियोगिता में श्वेता घुरुई ने प्रथम, अनुपमा मिश्रा ने द्वितीय एवं तृप्ति सक्सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में रागिनी साहू प्रथम, प्रीति चौहान द्वितीय एवं भारती शुक्ला तृतीय स्थान पर रहीं। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में सरिता झा एवं अनुपमा मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सुनीता सिंह, श्रद्धा रजक, भारती इंग्ले, सत्य गुप्ता एवं सविता निर्मलकर के समूह को मिला, जबकि रमा शर्मा एवं अमृता दीक्षित तृतीय स्थान पर रहीं। बच्चों की नृत्य प्रतियोगिता में समृद्धि सिंह एवं प्राप्ति अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। अनुषा मुखर्जी द्वितीय एवं आर्या गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम में एकल एवं सामूहिक नृत्य, गीत-संगीत, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विजेताओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

हर संभव फाउंडेशन का यह आयोजन सावन की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने, भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने, महिला सशक्तिकरण एवं बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। आयोजन में उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों एवं दर्शकों ने कार्यक्रम की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे यादगार बताया। 

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: