भारतीय योगिनी संघ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड:
राष्ट्रीय स्तर पर भव्य कार्यक्रम कर भारतीय योगिनी संघ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री ने किया सम्मानित;
Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल, 03 अगस्त 2026:

वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भारतीय योगिनी संघ को सम्मानित करते स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय योगिनी महासंघ ने देशभर के 21 राज्यों में एक साथ 153 स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि को वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ इंडिया में दर्ज किया गया है। महासंघ ने पिछले वर्ष 72 स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रम के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इस वर्ष दोगुने से अधिक स्थानों पर सफल आयोजन कर नई उपलब्धि हासिल की।
इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री रॉव उदय प्रताप सिंह ने मंत्रालय में भारतीय योगिनी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
महासंघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. एच. लता के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में डॉ. शशि ठाकुर, डॉ श्वेता श्रीवास्त्री, अर्चना जोधवानी, अंजू वशिष्ठ, अंशिका वशिष्ठ, महिपाल सिंह, संदीप सिंह गहरवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर विद्यार्थियों के जीवन में योग को अपनाना समय की आवश्यकता है।
बैठक के दौरान महासंघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. एच. लता ने बालिकाओं के लिए एडुजी लाइफ के माध्यम से पूर्व में संचालित योग एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम को पुनः प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर कार्यक्रम को शीघ्र शुरू कराने का आश्वासन दिया। वहीं, डॉ. शशि ठाकुर ने विद्यालयी पाठ्यक्रम में योग विषय को शामिल करने का सुझाव दिया। शिक्षा मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने महासंघ के सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी कार्यों की सराहना भी की।
उल्लेखनीय है कि भारतीय योगिनी महासंघ द्वारा 1 जून से 21 जून 2026 तक देश के विभिन्न राज्यों में योग, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को समर्पित व्यापक अभियान चलाया गया था। इसी अभियान के अंतर्गत 153 स्थानों पर एक साथ आयोजित योग कार्यक्रम को वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक ऑफ इंडिया में स्थान प्राप्त हुआ।
