सागर - अवैध जहरीली शराब काण्ड, 14 मृत:
By Tropic Reporters — Sunday, September 6, 2026
🎧 सुनें:
सागर के बंडा में जहरीली शराब का कहर, 14 की मौत, 35 से ज्यादा बीमार, मिथाइल अल्कोहल से मौत की आशंका, सरकार ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश;
असिस्टेंट आबकारी आयुक्त सहित 3 अधिकारी निलम्बित, बंडा क्षेत्र के नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव सबसे ज्यादा प्रभावित
| 06 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अंज ठाकुर/Digital desk, सागर/भोपाल: |
![]() |
| जहरीली शराब काण्ड में मृतक के शव के साथ परिजन |
![]() |
| मौके का जायजा लेते कलेक्टर प्रतिभा पाल |
![]() |
| बीमार लोग अस्पतालों में भर्ती कराए गए |
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में अवैध जहरीली शराब के सेवन से मौतों का बड़ा हादसा हुआ है। बंडा थाना क्षेत्र के नौरोजा और घुघरा खुर्द गांव में जहरीली शराब पीने से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि जिला प्रशासन ने फिलहाल 10 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। करीब 35 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई मरीजों की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। सरकार ने घटना के प्रति जिम्मेदार असिस्टेंट आबकारी आयुक्त समेत 3 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे घटना की पहली सूचना मिली थी। इसके बाद स्वास्थ्य और प्रशासनिक टीमों को तुरंत प्रभावित गांवों में भेजा गया। गांवों में घर-घर स्क्रीनिंग कर उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने शराब का सेवन किया था। लक्षण मिलने पर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) और जिला अस्पताल सागर रेफर किया जा रहा है।
![]() |
| अस्पताल में भर्ती मरीज, परिजन एवं प्रशासनिक अधिकारी |
पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल की आशंका
कलेक्टर के अनुसार, अब तक हुए पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका सामने आई है। वहीं, डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाए गए कई मरीजों के शरीर नीले पड़ गए थे और उन्हें तेज अकड़न व सांस लेने में दिक्कत की शिकायत थी। बीएमसी में संदिग्ध मरीजों के लिए अलग से बेड आरक्षित किए गए हैं।
![]() |
| शराब के नमूने लैब परीक्षण के लिए भेजे गए |
सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि प्राथमिक जांच में अवैध शराब की सप्लाई एमपी सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और ललितपुर में भी नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में शराब तस्करों और सप्लाई चेन की पूरी पड़ताल की जा रही है।
प्रशासन का एक्शन, 6 शराब दुकानें सील
घटना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी प्रभावित गांवों में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
दोषी बख्शे नहीं जाएंगे, 3 अधिकारी निलम्बित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई रवाना होने से पहले अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए और कहा कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ने की बात कही। तुरन्त एक्शन लेते हुए सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशानी उरेती को निलम्बित कर दिया गया है। इसके साथ ही उपायुक्त और मंडल फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय में स्थानांतरित किया गया है।
वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज बंडा पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
अवैध जहरीली शराब पीने से मृत लोगों के नाम:-
गोलू उर्फ चमन लोधी, पिता साहब सिंह - ग्राम गोगरा खुर्द - 45 वर्ष
दिग्विजय, पिता देवेंद्र लोधी - ग्राम नौरोज - 28 वर्ष
करतार सिंह, पिता गोदन लोधी - ग्राम नौरोज - 30 वर्ष
उज्जवल सिंह, पिता विजय सिंह लोधी - ग्राम गोगरा खुर्द - 56 वर्ष
रोशन लोधी, पिता जगन्नाथ - ग्राम पाटन, थाना विनायक - 30 वर्ष
राजेंद्र, पिता मृतक लोधी - ग्राम नौरोज, गूगरा - 32 वर्ष
हरनाम, पिता धनश्याम राय - ग्राम चौका - 42 वर्ष
उत्तम नत्थू नायक - ग्राम दलपतपुर - 42 वर्ष
सुमेर सिंह दांगी, पिता पूरन - ग्राम बमूरा - 47 वर्ष
राजकुमार लोधी, पिता नन्हई लोधी - ग्राम बमूरा - 47 वर्ष
सुरेंद्र अहिरवार, पिता रघुमल्ल - ग्राम लिधौरा - 35 वर्ष
📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...






