यात्री परिवहन विजन समिट-2026:
इंदौर में 11-12 सितंबर को होगा यात्री परिवहन विजन समिट-2026, सुरक्षित सफर, ग्रीन मोबिलिटी और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन पर होगा मंथन;
निवेश और पीपीपी के नए अवसर तलाशे जाएंगे
06 सितंबर 2026, Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल:
मध्यप्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में सरकार एक कदम और आगे बढ़ाने जा रही है। आगामी 11 और 12 सितंबर को इंदौर में ‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर कहा कि प्रदेश में आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के साथ सुरक्षित सफर और ग्रीन मोबिलिटी को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
यात्री परिवहन विजन समिट 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के हर यात्री को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन की सुविधा मिले। सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और प्रभावी बनाने में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी उद्देश्य से समिट में भविष्य की यात्री परिवहन व्यवस्था को लेकर ठोस रूपरेखा तैयार की जाएगी।
समिट में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के साथ इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी पर विशेषज्ञों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच चर्चा होगी। इसके अलावा सुरक्षित परिवहन, हरित परिवहन और बेहतर मोबिलिटी के लिए नए अवसरों पर भी मंथन किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि समिट के जरिए प्रदेश में यात्री परिवहन क्षेत्र में संभावित निवेश और नई साझेदारियों के रास्ते खुलेंगे। साथ ही परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, टिकाऊ और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।