हमीदिया इन्टर्न डॉक्टर हड़ताल; स्टाइपेंड बढ़ाने की माँग:
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर हमीदिया के इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन, स्टाइपेंड 14,337 रूपये से बढ़ाकर 30,000 रूपये करने की मांग, CM हाउस कूच, पुलिस ने वाटर कैनन चला कर रोका;
पुलिस से धक्का-मुक्की में एक इंटर्न घायल, मोती मस्जिद चौराहे पर रोका गया मार्च
07 सितंबर 2026, Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल:
हमीदिया अस्पताल के इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए पैदल मार्च पर निकले। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के बीच झड़प हो गई।
हड़ताल पर इन्टर्न डॉक्टर
![]() |
| प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को रोकने वॉटर कैनन का उपयोग किया गया |
शांतिपूर्ण मार्च था, सामने पुलिस खड़ी कर दी
इंटर्न डॉक्टर मोहित मिश्रा ने कहा कि वे मुख्यमंत्री निवास जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उनके सामने पुलिस बल तैनात कर दिया। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने पहले संवैधानिक तरीके से अपनी मांग सरकार के सामने रखी और सभी नियमों का पालन किया। जब उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो मार्च का निर्णय लिया गया। डॉ. मोहित मिश्रा ने दावा किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और वे सिर्फ अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं।
हमीदिया गेट और बैरिकेड तोड़कर बाहर निकले डॉक्टर
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने हमीदिया अस्पताल परिसर के बाहर घेराबंदी कर रखी थी। इसी दौरान कुछ इंटर्न डॉक्टरों ने अस्पताल का गेट और बैरिकेड तोड़ दिया और बाहर निकलकर फतेहगढ़ की मुख्य सड़क पर पहुंच गए। यहां कुछ डॉक्टर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
![]() |
| प्रदर्शन करते इंटर्न डॉक्टर |
यूपी में स्टाइपेंड बढ़ा तो एमपी में क्यों नहीं?
डॉ. मोहित मिश्रा के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पहले कहा था कि यदि उत्तर प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाया जाता है तो मध्य प्रदेश में भी इसे बढ़ाया जाएगा। डॉक्टरों का दावा है कि उत्तर प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार करने का आदेश जारी हो चुका है। ऐसे में मध्य प्रदेश में भी स्टाइपेंड बढ़ाने का निर्णय लिए जाने की मांग की जा रही है।
अन्य मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टर भी आंदोलन में शामिल
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में करीब 2 हजार शासकीय इंटर्न डॉक्टर हैं, जबकि प्रदेश में कुल इंटर्न डॉक्टरों की संख्या करीब 3,600 है। उनका दावा है कि दूसरे मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टर भी आंदोलन में शामिल हुए हैं। डॉ. मोहित मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि सागर के इंटर्न डॉक्टरों को लेकर आ रही बस को नादरा बस स्टैंड पर रोक दिया गया।
लिखित आदेश मिलने तक हमीदिया परिसर में बैठेंगे
इंटर्न डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि वे अब केवल मौखिक आश्वासन पर आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। उनकी मांग है कि स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर सरकार की ओर से आधिकारिक लिखित आदेश जारी किया जाए। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री स्वयं आकर स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश नहीं देते, तब तक वे हमीदिया अस्पताल परिसर में बैठकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे। फिलहाल प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के चलते हमीदिया से लेकर मोती मस्जिद और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित है।

