‘रन फॉर मास्टर प्लान’; लागू करने की मांग के साथ दौड़ेगा भोपाल:

🎧 सुनें:

मुख्‍यमंत्री जवाब दें, उज्‍जैन में मास्‍टर प्‍लान लागू किया भोपाल में क्‍यों नहीं? - आरिफ मसूद, मास्टर प्लान लागू करने की मांग के साथ दौड़ेगा भोपाल, 09 सितम्बर को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’;

05 सितंबर 2026, Tropic Reporters, अपर्णा मिश्रा, भोपाल:

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने सीएम से मास्टर प्लान पर माँगा जवाब
भोपाल में मास्टर प्लान लागू करने के मुद्दे पर शनिवार 05 सितंबर को पत्रकारवार्ता में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने मुख्‍यमंत्री से जवाब माँगा। उन्होंने कहा कि जब उज्‍जैन में मास्‍टर प्‍लान लागू कर दिया गया है, तो भोपाल में क्‍यों नहीं? साथ ही सरकार द्वारा दी गई ‘सैद्धांतिक अनुमति’ पर भी श्री मसूद ने सवाल उठाए हैं। मसूद ने कहा कि मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक अनुमति का मतलब वह समझ नहीं पा रहे हैं, क्योंकि मास्टर प्लान लागू होने से पहले ड्राफ्ट तैयार कर उसे प्रकाशित करना होगा। इसके बाद दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया होगी, जिसमें कम-से-कम 05 माह का समय लग सकता है।

आरिफ मसूद ने आगे कहा कि कॉंग्रेस की सरकार के समय तैयार किया गया मास्टर प्लान का ड्राफ्ट पहले से मौजूद है और उसे रद्द करने का आदेश भी नहीं हुआ है। ऐसे में नया ड्राफ्ट तैयार करने की जरूरत क्यों पड़ रही है ? यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अनुमति की बात मामले को टालने का प्रयास है।

‘रन फॉर मास्टर प्लान’ बिना किसी राजनीतिक दल के बैनर या नारेबाजी के होगी
विधायक आरिफ मसूद ने मास्टर प्लान को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। 09 सितंबर को सुबह 07ः30 बजे 11 नंबर से हबीबगंज थाने के सामने स्थित गांधी प्रतिमा तक ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ आयोजित की जाएगी। करीब डेढ़ किलोमीटर की इस दौड़ में लोगों से शामिल होने की भी अपील की है।

आरिफ मसूद ने बताया कि यह दौड़ तिरंगा हाथ में लेकर होगी। इस अवसर पर न तो किसी राजनीतिक दल का बैनर होगा और न ही किसी व्यक्ति के खिलाफ नारेबाजी की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों, डॉक्टरों, सिविल सोसाइटी, एनजीओ और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में दौड़ में शामिल होने की अपील की है।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: