अमेरिका-ईरान युद्ध
महंगाई की एक और मार; कल से सांची दूध होगा महंगा
रसोई गैस और पेट्रोल के बाद अब दूध के बढ़े दाम, किचन का बजट बिगड़ना तय
अंज ठाकुर, भोपाल, 13 मई2026
भोपाल। आम लोगों की रसोई पर महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रसोई गैस, पेट्रोल और रोजमर्रा की चीजों के महंगे होने के बाद अब दूध के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। सांची दूध के नए दाम 15 मई से लागू होंगे। इसके बाद एक लीटर दूध के पैकेट पर उपभोक्ताओं को दो रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ेंगे।
अब तक 35 रुपये में मिलने वाला आधा लीटर दूध का पैकेट अब 36 रुपये का मिलेगा, जबकि 70 रुपये वाला एक लीटर दूध पैकेट अब 72 रुपये में मिलेगा। सुबह की चाय से लेकर बच्चों के नाश्ते और घर की जरूरतों तक दूध हर परिवार की रोजमर्रा की जरूरत है। ऐसे में दाम बढ़ने का सीधा असर आम लोगों के मासिक बजट पर पड़ेगा।
भोपाल सहित प्रदेशभर के उपभोक्ताओं में दूध के बढ़े दाम को लेकर चिंता दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि पहले से ही गैस सिलेंडर, सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थों के दाम बढ़े हुए हैं, ऐसे में दूध महंगा होने से घरेलू खर्च और बढ़ जाएगा।
सांची प्रबंधन के अनुसार बढ़ती उत्पादन और परिवहन लागत को देखते हुए दूध के दाम बढ़ाए गए हैं। सांची के एमडी संजय गोवाणी ने बताया कि लागत बढ़ने के कारण यह निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले मई 2025 में सांची दूध के दाम बढ़ाए गए थे।