बढ़ती गर्मी का प्रकोप

🎧 सुनें:

गर्मी बढ़ते ही ट्रेनों में बढ़ीं हेल्थ इमरजेंसी, 139 हेल्पलाइन पर बढ़ा शिकायतों का दबाव;

अप्रैल में 20 फीसदी बढ़ीं मेडिकल शिकायतें, डिहाइड्रेशन और घबराहट के मामले सबसे ज्यादा

Tropic Reporters, भोपाल, 15 मई 2026:

र्मी का असर अब ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की सेहत पर भी दिखने लगा है। बढ़ते तापमान के साथ रेलवे की 139 हेल्पलाइन पर मेडिकल इमरजेंसी से जुड़ी शिकायतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। यात्रियों की ओर से पानी की कमी, चक्कर आना, घबराहट, उल्टी, बीपी लो होना और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं की शिकायतें सबसे ज्यादा आ रही हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मार्च के मुकाबले अप्रैल महीने में हेल्थ इमरजेंसी से जुड़े मामलों में करीब 20 फीसदी बढ़ोतरी हुई है।

रेलवे की 139 हेल्पलाइन पर कुल 28 कैटेगरी में शिकायतें दर्ज की जाती हैं। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें मेडिकल सहायता और यात्री स्वास्थ्य से जुड़ी सामने आ रही हैं। रेलवे का मानना है कि अचानक बढ़ी गर्मी और लंबे सफर के कारण यात्रियों की तबीयत ज्यादा खराब हो रही है।

पिछले दो महीनों के आंकड़े

मार्च 2026

कुल शिकायतें – 899 

ट्रेन में मेडिकल मामले – 1489

स्टेशन पर मेडिकल मामले – 19

अप्रैल 2026

कुल शिकायतें – 4670

ट्रेन में मेडिकल मामले – 1552

स्टेशन पर मेडिकल मामले – 42

139 हेल्पलाइन पर शिकायत कैटेगरी – 28

गर्मी के कारण यात्रियों को होने वाली समस्याएं

भीषण गर्मी के कारण यात्रियों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, घबराहट, उल्टी, कमजोरी और हीट एक्सॉशन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। खासतौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले कोचों में यात्रियों को ज्यादा परेशानी हो रही है। कई मामलों में यात्रियों को अगले स्टेशन पर मेडिकल सहायता उपलब्ध करानी पड़ रही है।

डॉक्टरों के अनुसार गर्मी में ट्रेन यात्रा के दौरान बुजुर्ग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और शुगर या बीपी के मरीज सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। शरीर में पानी की कमी होने से ब्लड प्रेशर असंतुलित होने और घबराहट बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे यात्रियों को सफर के दौरान खानपान और दवाइयों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।

रेलवे ने बढ़ाई मेडिकल और पानी की व्यवस्था

रेलवे के अनुसार 139 हेल्पलाइन पर शिकायत मिलते ही टीम तुरंत संबंधित यात्री तक पहुंचती है। जरूरत पड़ने पर अगले स्टेशन पर मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाती है। प्रमुख स्टेशनों पर डॉक्टरों की टीम, मेडिकल स्टोर, ऑन-कॉल मेडिकल सुविधा और अतिरिक्त पानी सप्लाई की व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर वाटर कूलर और पेयजल व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भोपाल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल के अनुसार शिकायत मिलने के बाद रेलवे टीम तत्काल यात्री तक पहुंचती है और अगले स्टेशन पर उपचार की व्यवस्था की जाती है, ताकि यात्रियों को समय पर मदद मिल सके।

सफर के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

पर्याप्त पानी साथ रखें

ओआरएस या ग्लूकोज जरूर रखें

हल्का और घर का भोजन करें

खाली पेट यात्रा न करें

बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

ज्यादा देर धूप में प्लेटफॉर्म पर खड़े न रहें

तबीयत खराब होने पर तुरंत 139 हेल्पलाइन पर शिकायत करें

जरूरी दवाइयां साथ रखें

सूती और हल्के कपड़े पहनें

गर्मी के मौसम में थोड़ी सावधानी यात्रियों को बड़ी परेशानी से बचा सकती है।

📝 Summary:
Generating summary...