सड़क की अराजकता चाहती है कांग्रेस:
संसद नहीं सिर्फ सड़क की अराजकता चाहती है कांग्रेस, नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं राहुल गांधी, नैतिकता के आधार पर स्वयं क्यों नहीं देते इस्तीफा: इंजी. दिवाकर सिंह;
Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल, 24 जुलाई 2026:

इंजी. दिवाकर सिंह, अध्यक्ष, श्री जनता पार्टी
श्री जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी. दिवाकर सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हो, उसे नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है। यदि राहुल गांधी में थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें तत्काल लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर जनता के सामने जवाब देना चाहिए, न कि संसद की कार्यवाही बाधित कर लोकतंत्र का अपमान करना चाहिए।
इंजी. दिवाकर सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार संसद को ठप कर देश के करोड़ों लोगों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। जनता ने विपक्ष को बहस करने के लिए चुना है, हंगामा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बंधक बनाने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर गंभीर है, तो पहले संसद को सुचारु रूप से चलने दे। संवैधानिक प्रक्रिया के तहत हर विषय पर चर्चा और निर्णय संभव है, लेकिन अराजकता और दबाव की राजनीति किसी भी लोकतंत्र के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकती।
उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लोकतांत्रिक आंदोलन नहीं, बल्कि सुनियोजित अराजकता करार देते हुए कहा कि इस प्रदर्शन की आड़ में देशविरोधी और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्व सक्रिय दिखाई दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल पर पथराव किया गया, जिसमें अनेक पुलिसकर्मी घायल हुए। उन्होंने कहा कि जो जवान दिन-रात देशवासियों और नेताओं की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, उन्हीं पर हमला करना लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि कानून के शासन को चुनौती देना है।
इंजी. दिवाकर सिंह ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे लोकतांत्रिक संवाद में विश्वास रखते हैं या सड़क पर अराजकता फैलाने की राजनीति में। देश अब भ्रम, झूठ और उन्माद की राजनीति से आगे बढ़ चुका है। जनता ऐसे दोहरे चरित्र और अवसरवादी राजनीति का जवाब समय आने पर अवश्य देगी।