मप्र कैबिनेट की बैठक: मानसून सत्र में 14 विधेयक लाने की तैयारी

🎧 सुनें:

रविवार को जगदीशपुर में होगी कैबिनेट की 8वीं अहम बैठक, मानसून सत्र में 14 विधेयक लाने की तैयारी, यूसीसी मसौदे को मिल सकती है मंजूरी;

यूसीसी, युवा वर्ष और एआई डेटा सेंटर जैसे कई बड़े एजेंडों पर होगी चर्चा

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 18 जुलाई 2026:

मध्य प्रदेश कैबिनेट मीटिंग: फाइल फोटो








ध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आरम्भ सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। प्रदेश के राजनीतिक और विधायी गतिविधियों के परिप्रेक्ष्य में रविवार 19 जुलाई का दिन अहम रहने वाला है। राजधानी से बाहर निकल प्रदेश के विभिन्न अंचलों में डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक करने के नवाचार में एक और अध्याय रविवार को जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल जिले के ऐतिहासिक धरोहर स्थल जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की विशेष बैठक आयोजित होगी। अनुमान है कि इस बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मसौदे को अंतिम मंजूरी दी जा सकती है। इसके बाद सोमवार से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून-सत्र में इसे विधेयक के रूप में पेश किया जाएगा।

इससे पूर्व आज मुख्यमंत्री निवास में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक और विधानसभा सत्र की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मंत्रिपरिषद के समक्ष रखे जाने वाले सभी प्रस्तावों की जानकारी ली तथा विधानसभा में प्रस्तुत होने वाले विधेयकों और प्रश्नों के उत्तर पूरी तैयारी के साथ उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।

20 से 24 जुलाई तक चलेगा मानसून सत्र:

सरकार इस बार के 20 से 24 जुलाई तक के पांच दिवसीय मानसून सत्र में 14 विधेयक सदन में लाने की तैयारी कर रही है। इनमें सबसे अधिक चर्चा यूसीसी विधेयक को लेकर है। सरकार का कहना है कि यूसीसी पर गठित समिति अपनी अंतिम रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप चुकी है। समिति ने रिपोर्ट तैयार करने से पहले प्रदेश के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और अन्य हितधारकों से सुझाव लिए, साथ ही अन्य राज्यों में लागू कानूनों का भी अध्ययन किया। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे विधानसभा में रखा जाएगा।

युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा 2027:

बैठक में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाने की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने मंत्रियों और अधिकारियों से युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप और नवाचार से जुड़े सुझाव देने को कहा। सरकार का उद्देश्य युवाओं के विचारों और भागीदारी को आगामी योजनाओं का हिस्सा बनाना है।

30 हजार से अधिक रोजगार सृजन की संभावना:

बैठक में हाल ही में आयोजित हुए एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव की भी समीक्षा की गई। सरकार के अनुसार कॉन्क्लेव में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे करीब 34 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है। इनमें 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश से प्रस्तावित एआई डेटा सेंटर भी शामिल है। इस डेटा सेंटर के स्थापित होने पर देश के प्रमुख डेटा सेंटर राज्यों में मध्य प्रदेश की अपनी मजबूत एवं सुदृढ़ पहचान बन सकती है।

21 लाख पौधों का किया जाएगा रोपण:

मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु के दौरान व्यापक पौधरोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लॉर्ड्स टेस्ट में ऐतिहासिक जीत पर बधाई देते हुए मध्य प्रदेश की खिलाड़ी क्रांति गौड़ के प्रदर्शन की भी सराहना की गई।

इसके अलावा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को साइबर सुरक्षा और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में मिले राष्ट्रीय रजत पदक को प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को बधाई दी। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: