आईआरसीटीसी वेबसाइट: नव कलेवर
By Tropic Reporters — Thursday, July 16, 2026
🎧 सुनें:
आईआरसीटीसी वेबसाइट का नव कलेवर में विमोचन: पहले से आसान होगी ट्रेन टिकट बुकिंग, कम स्टेप्स में होगा आरक्षण;
बीटा वर्जन शुरू, यात्रियों के सुझाव पर होंगे सुधार, सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता साथ दिखेगी, तेज चेकआउट और आसान रिपीट बुकिंग जैसी सुविधाएं शामिल,
Tropic Reporters, Digital desk, नई दिल्ली, 16 जुलाई 2026:
ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग को पहले से अधिक तेज एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने 15 जुलाई की रात 9 बजे अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च कर दिया है। अब यात्री नए पोर्टल पर बेहतर डिजाइन, सरल इंटरफेस के साथ कई नए फीचर्स के साथ टिकट बुकिंग का अनुभव ले सकेंगे।
![]() |
| आईआरसीटीसी द्वारा लॉन्च नई रेलवे वेबसाइट |
नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानियों को कम करना और पूरी प्रक्रिया को पहले से अधिक सहज बनाना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई चर्चा के बाद इस वेबसाइट के नए डिजाइन और फीचर्स के विकास में जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के छात्रों के सुझावों को प्रमुखता से सम्मिलित किया गया है।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू हुई थी और वर्तमान में इस पर प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग होती है। लगातार बढ़ते उपयोगकर्ताओं और आधुनिक जरूरतों को देखते हुए वेबसाइट को नए स्वरूप में तैयार किया गया है।
नई वेबसाइट में यात्रियों को मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं:
- अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप से राहत।
- टिकट बुकिंग के दौरान आने वाले अनावश्यक कैप्चा हटाए गए।
- पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटाए गए।
- बुकिंग प्रक्रिया अधिक सरल होगी।
- सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता एक साथ दिखेगी।
- कम स्टेप्स में तेज टिकट बुकिंग।
- रिपीट बुकिंग होगी आसान
- यात्रियों की जानकारी सुरक्षित रहेगी।
- भविष्य में नया रिजर्वेशन इंजन जुड़ने के बाद वेबसाइट की गति और क्षमता में भी सुधार होगा।
- वेबसाइट का इंटरफेस अधिक सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल होगा।
नए पोर्टल की सुविधाओं से अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास चुनकर सीट देखने की जरूरत नहीं होगी। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे निर्णय लेने में आसानी होगी।
बुकिंग प्रक्रिया में भी आवश्यक चरणों की संख्या कम कर दी गई है। इससे टिकट बुक करने में पहले की तुलना में कम समय लगेगा और वेबसाइट अधिक तेज़ी से काम करेगी।
बार-बार यात्रा करने वालों को हर बार पूरी जानकारी दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे टिकट बुकिंग और तेज हो जाएगी।
फीडबैक के आधार पर होगा अंतिम संस्करण तैयार
आईआरसीटीसी ने फिलहाल वेबसाइट का बीटा वर्जन जारी किया है ताकि यात्री इसका उपयोग कर अपने सुझाव और फीडबैक दे सकें। प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट में और सुधार किए जाएंगे तथा कुछ ही सप्ताह में इसका पूर्ण संस्करण लॉन्च किया जाएगा।
पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन भी होगा अपग्रेड
इस बार आईआरसीटीसी केवल वेबसाइट ही नहीं, बल्कि दशकों पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (पीआरएस) को भी अपग्रेड कर रहा है। यही सिस्टम विभिन्न ट्रेन बुकिंग ऐप्स और रेलवे की टिकट आरक्षण व्यवस्था को संचालित करता है। इस अपग्रेड के दौरान भी सेवाएं लगातार चालू रखी गई हैं। नया रिजर्वेशन इंजन शुरू होने के बाद टिकट बुकिंग पहले से अधिक तेज, स्थिर और भरोसेमंद होने की उम्मीद है।
📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
