उज्जैन रेप्टाईल पार्क:
उज्जैन में बन रहा अत्याधुनिक रेप्टाइल पार्क, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया निरीक्षण;
होमगार्ड जवानों को सर्प रेस्क्यू प्रशिक्षण के दिए निर्देश
Tropic Reporters, Digital desk, उज्जैन/भोपाल, 30 जुलाई 2026:

उज्जैन रेप्टाइल पार्क: सीएम डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन के बसंत विहार क्षेत्र में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्माणाधीन रेप्टाइल पार्क (सर्प उद्यान) एवं अनुसंधान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में रिहायशी इलाकों में निकलने वाले सांपों के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए होमगार्ड जवानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित जवान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सर्पों का सुरक्षित संरक्षण भी कर सकेंगे, जिससे वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों में सांपों के प्रति अनावश्यक भय भी कम होगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि रेप्टाइल पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां विजिटर जोन, विभिन्न प्रजातियों के सर्पों और अन्य सरीसृपों के लिए प्रदर्शनी क्षेत्र, जनसुविधा केंद्र, चिकित्सालय, पोस्टमार्टम कक्ष, इंटरप्रिटेशन सेंटर, रिसर्च सेंटर, एजुकेशन सेंटर तथा अत्याधुनिक रेस्क्यू सेंटर विकसित किए जा रहे हैं। इसके अलावा स्नेक पार्क भी बनाया जाएगा, जहां लोगों को सर्पों के प्राकृतिक व्यवहार और संरक्षण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेप्टाइल पार्क केवल सर्पों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और जन-जागरूकता का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों को सरीसृपों के वैज्ञानिक अध्ययन का अवसर मिलेगा। साथ ही संकटग्रस्त सर्पों के उपचार, पुनर्वास और जैव विविधता संरक्षण में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासन और स्मार्ट सिटी परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।