मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया की अनूठी पहल

🎧 सुनें:

मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया की अनूठी पहल, प्रतिभा के रंगों से सजा 'इंडियन गॉट टैलेंट'

प्रतिभा के उत्सव में गूंजे आत्मविश्वास के स्वर, मनमोहक प्रस्तुतियों से जीता दिल

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 5जुलाई 2026:

मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया के तत्वावधान में राजधानी रायपुर के सिटी सेंटर मॉल में आयोजित ‘इंडियन गॉट टैलेंट प्रतियोगिता’ दिव्यांग और सामान्य बच्चों की प्रतिभाओं के अनूठे संगम का साक्षी बनी। आयोजन का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और सामान्य बच्चों को समान मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को समाज के सामने लाना तथा समावेशी समाज की भावना को मजबूत करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष तथा 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, संगीत एवं रैंप वॉक जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

'इंडियन गॉट टैलेंट': मारुति फाउंडेशन-हेरिटेज इंडिया की पहल

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्षा डॉ. वर्णिका शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अभिनव पहल है, जहां दिव्यांग और सामान्य बच्चों को समान अवसर प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास का संचार करने के साथ-साथ समाज में समावेशिता, संवेदनशीलता और समानता का संदेश भी देते हैं।

विशिष्ट अतिथि आकाश तिवारी ने कहा कि मंच पर मिलने वाला अवसर और प्रोत्साहन बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी नई दिशा देता है। ऐसे आयोजन उनके भीतर छिपी प्रतिभा को पहचान दिलाने और भविष्य के लिए प्रेरणा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

आयोजन समिति की अध्यक्षा मेघा तिवारी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा होती है। आवश्यकता केवल उसे पहचानने और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उनकी क्षमताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ आइडल-2009 एवं ‘वॉइस ऑफ कैलाश खेर’ के रूप में प्रसिद्ध संदीप राव, स्नेहा पांडेय तथा सीमा छाबड़ा शामिल रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। आयोजन में इट्सा हॉस्पिटल सिल्वर एवं सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में सहभागी रहा। शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ विशेष रूप से अर्पण पब्लिक स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया

कार्यक्रम का प्रभावशाली, ऊर्जावान एवं आकर्षक मंच संचालन सरिता झा ने किया। उनकी सहज एवं प्रभावी प्रस्तुति की अतिथियों और उपस्थित दर्शकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह, अभिभावकों की सहभागिता और दर्शकों का भरपूर समर्थन देखने को मिला, जिसने इस कार्यक्रम को प्रेरणादायी एवं सफल बना दिया।
📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: