जीव सेवा से करुणा का संदेश, पक्षियों को दी नई उड़ान, साजं वेलफेयर सोसाइटी ने की गौसेवा और मछलियों को कराया आहार;
Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 14 जुलाई 2026:
सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से साजं वेलफेयर सोसाइटी द्वारा एक प्रेरणादायी सेवा अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों ने मंदिर परिसर में पिंजरों में बंद पक्षियों को मुक्त कर उन्हें खुला आसमान दिया। संस्था का कहना है कि अब तक वह 5000 से अधिक पक्षियों को आज़ाद कर चुकी है और यह अभियान निरंतर जारी है।
![]() |
| जीव सेवा से करुणा का संदेश |
सेवा अभियान के दौरान सदस्यों ने तालाब में मछलियों को आहार भी दिया तथा मंदिर परिसर स्थित गौशाला में गौमाता की सेवा करते हुए उन्हें हरा चारा और भोजन कराया। इस अवसर पर सदस्यों ने कहा कि जीवों के प्रति दया, करुणा और सेवा की भावना केवल पशु-पक्षियों का ही नहीं, बल्कि मानव जीवन का भी कल्याण करती है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत बनाते हैं।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति थोड़ी-सी भी जिम्मेदारी निभाए, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सेवा कार्यों से मिलने वाली आत्मिक संतुष्टि और मानसिक शांति व्यक्ति को बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर रुचिता जैन, अरुण कुमार जैन, रीता मूलचंदानी, शिखा जोशी, पूर्वा त्रिवेदी, अक्षिता जैन, नितिन राय, हर्षित जैन, अजय सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। जीव सेवा ही सच्ची मानव सेवा है, के संदेश के साथ संपन्न हुए इस अभियान ने समाज को यह प्रेरणा दी कि छोटे-छोटे सेवा कार्य भी किसी जीव के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं और करुणा से भरा समाज ही वास्तविक रूप से समृद्ध समाज होता है।

