मप्र में टेक्सटाइल और औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने 1200 करोड़ का निवेश करेगा अरविंद समूह

🎧 सुनें:

मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल और औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने की तैयारी, अरविंद समूह करेगा 1200 करोड़ का निवेश;

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कम्पनी के वाइस चेयरमैन से मुलाकात की, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल/अहमदाबाद, 12 अगस्त 2026:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ अरविन्द समूह के वाइस चेयरमैन की मुलाकात
ध्यप्रदेश में टेक्सटाइल और औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अरविंद समूह बड़े निवेश की तैयारी कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद में अरविंद लिमिटेड के वाइस चेयरमैन कुलीन लालभाई से मुलाकात की। इस दौरान मध्यप्रदेश में कंपनी के प्रस्तावित निवेश, पीएम मित्र पार्क में उद्योग की स्थापना और रोजगार सृजन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

पीएम मित्र पार्क में 1200 करोड़ का निवेश

अरविंद लिमिटेड द्वारा धार स्थित पीएम मित्र पार्क में करीब 1200 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इसके लिए कंपनी को 105 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री ने उद्योग की स्थापना और निवेश प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने पर चर्चा की। पीएम मित्र पार्क में अगले वर्ष तक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप पीएम मित्र पार्क में उत्पादन शुरू होने से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ने से दोनों राज्यों के संबंध और मजबूत होंगे।

तीन स्थानों पर इकाइयां स्थापित करेगी कंपनी

अरविंद समूह मध्यप्रदेश में तीन प्रमुख स्थानों पर अपनी इकाइयां स्थापित कर रहा है। इनमें देवास के पास बरलाई, धार स्थित पीएम मित्र पार्क और इंदौर का बेटमा शामिल हैं। कंपनी इन स्थानों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी गतिविधियों का विस्तार कर रही है। इंदौर में पेपकोन प्राइवेट लिमिटेड के साथ कंपनी के अनुबंध के तहत हर साल करीब 70 लाख परिधानों का निर्माण किया जा रहा है।

निवेशकों को मिलेंगी कई सुविधाएं

बैठक में टेक्सटाइल और परिधान उद्योग के लिए उपलब्ध निवेश प्रोत्साहनों की जानकारी दी गई। इनमें पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टांप एवं पंजीयन शुल्क की प्रतिपूर्ति, ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन और अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं के लिए सहायता शामिल है। सीसीआईपी के तहत आवेदन प्रक्रिया जल्द पूरी करने और प्रस्ताव के त्वरित परीक्षण व अनुमोदन पर भी चर्चा हुई।

उद्योगों में पानी के दोबारा इस्तेमाल पर जोर

औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के पुन: उपयोग के लिए जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार हुआ। प्रदेश में विकसित किए जा रहे 90 से अधिक औद्योगिक पार्कों में टेक्सटाइल, फार्मा और अन्य क्लस्टरों के लिए कॉमन ZLD सिस्टम की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

सिंहस्थ में आधुनिक संचार व्यवस्था

बैठक में सिंहस्थ-2028 के दौरान मिशन-क्रिटिकल कम्युनिकेशन नेटवर्क के उपयोग पर भी चर्चा हुई। पुलिस, सुरक्षा बल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन के लिए आधुनिक वायरलेस कम्युनिकेशन, वॉकी-टॉकी और सार्वजनिक सुरक्षा संचार व्यवस्था के उपयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।

GIS-2027 में शामिल होने का न्योता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुलीन लालभाई को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने के साथ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027 में सहभागिता का भी निमंत्रण दिया। बैठक में अपर मुख्य सचिव उद्योग नीरज मंडलोई, सचिव उद्योग जॉन किंसले और एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला मौजूद रहे।

अरविंद लिमिटेड वर्ष 1931 में स्थापित देश के प्रमुख टेक्सटाइल समूहों में शामिल है। कंपनी डेनिम, परिधान, फैब्रिक्स और टेक्सटाइल वैल्यू चेन के क्षेत्र में काम करती है। समूह की विभिन्न इकाइयों में 60 हजार से अधिक लोग कार्यरत हैं।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: