बैरसिया: 50 करोड़ की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पणबैरसिया: 50 करोड़ की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण
"शिक्षा सिर्फ नौकरी नहीं, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का माध्यम", बैरसिया के सांदीपनि विद्यालय से युवाओं को सीएम का संदेश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों से ज्ञान, कौशल और संस्कार के साथ आगे बढ़ने का किया आह्वान;
50 करोड़ की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त विद्यालय का लोकार्पण
Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 2 अगस्त 2026:
![]() |
| बैरसिया: सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण करते सीएम डॉ. मोहन यादव |
बैरसिया में नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है। करीब 35 एकड़ क्षेत्र में 50 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से तैयार यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएगा।
शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ नौकरी नहीं आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा का लक्ष्य केवल नौकरी पाना नहीं होना चाहिए। आज के युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पत्रकार, प्रशासनिक अधिकारी बनने के साथ-साथ सफल उद्यमी, आधुनिक किसान और कुशल व्यापारी भी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जिस भी क्षेत्र में जाएं, पूरी मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ उत्कृष्टता हासिल करें।
![]() |
| बैरसिया के लोगों के बीच सीएम डॉ. मोहन यादव |
ज्ञान सबसे बड़ी पूंजी, इसे कोई छीन नहीं सकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि भौतिक संपत्ति खत्म हो सकती है, लेकिन शिक्षा से मिला ज्ञान, विवेक और बुद्धि जीवनभर साथ रहते हैं। विद्यालय केवल किताबों का ज्ञान देने वाली जगह नहीं है, बल्कि यहां से विद्यार्थियों के चरित्र, अनुशासन, संस्कार और नेतृत्व क्षमता का निर्माण होता है। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार अपनाने की अपील की।
सांदीपनि विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों का नाम भगवान श्रीकृष्ण के गुरु महर्षि सांदीपनि की परंपरा से जुड़ा है। इन विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था से गरीब और अमीर विद्यार्थियों के बीच अवसरों की दूरी कम होगी।
लक्ष्य; युवा रोजगार लेने वाले नहीं देने वाले बनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार के साथ रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश सरकार शिक्षा को कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ रही है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में भागीदार बन सकें।
2047 के विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वर्ष 2047 में जब देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब आज की युवा पीढ़ी विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्व करेगी। उन्होंने युवाओं से अटल बिहारी वाजपेयी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महापुरुषों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बैरसिया को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैरसिया क्षेत्र के विकास के लिए भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की राजधानी भोपाल से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, रोजगार एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सांदीपनि विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

