स्वतन्त्रता के 78 वर्ष: भोपाल में बारिश के बीच तिरंगा यात्रा
भोपाल में बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा, CM बुलेट से पहुंचे; बच्चों का दिखा जबरदस्त उत्साह, लगाए ‘भारत माता की जय’ के नारे;
Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 09 अगस्त 2026:
स्वतंत्रता के 79वें वर्ष के अवसर पर रविवार को भोपाल में जिला भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तेज बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर लोग ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। 
79वें स्वतन्त्रता वर्ष के उपलक्ष्य पर तिरंगा यात्रा में सीएम डॉ. मोहन यादव
बारिश के कारण छोटा किया गया रूट
तिरंगा यात्रा का निर्धारित रूट टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर तक था। हालांकि तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रूट छोटा कर दिया गया। न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।
बुलेट से पहुंचे CM, हाथ में तिरंगा लेकर चले
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे। इसके बाद उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत पार्टी के अन्य नेता भी यात्रा में साथ चले।
यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। बारिश के बीच बच्चे तिरंगा लेकर उत्साह से चलते नजर आए। कई बच्चे देशभक्ति के साथ अलग-अलग किरदारों की वेशभूषा में पहुंचे। डोरेमोन और मोटू-पतलू की ड्रेस में आए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।
CM बोले- बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से देश में आजादी का निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ था। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना हर राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चे, युवा, बुजुर्ग और सभी वर्गों के लोग जिस उत्साह से यात्रा में शामिल हुए, वह सराहनीय है। बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना कर दिया। मुख्यमंत्री ने इसे देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
तिरंगे के तीनों रंग साहस और बलिदान के प्रतीक
CM ने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की यश-कीर्ति लगातार बढ़ने की कामना करते हुए यात्रा में शामिल भोपालवासियों को बधाई दी।
नशा मुक्ति का भी दिया संदेश
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। लोगों ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने और स्वस्थ व नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बीच ऐसा लग रहा है जैसे इंद्र देवता भी देश के वीरों और देशभक्तों का स्वागत कर रहे हैं।