केंद्रीय कैबिनेट की बैठक: खिलाड़ियों और किसानों के हित में लिए फैसले
पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक, खेल और किसानों के लिए केंद्र के बड़े फैसले, सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया आभार;
Tropic Reporters, Digital desk, नई दिल्ली/भोपाल, 31 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव: फाइल फोटो
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में युवा खिलाड़ियों और किसानों के हित में लिए गए फैसलों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है और इन फैसलों का लाभ मध्यप्रदेश सहित सभी राज्यों को मिलेगा।
केंद्रीय कैबिनेट ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक के लिए संशोधित खेलो इंडिया योजना और राष्ट्रीय खेल संघों को बढ़ी हुई सहायता को मंजूरी दी है। इसके लिए 36 हजार 441 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे देश में खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और बेहतर स्पोर्ट्स इको सिस्टम तैयार करने में मदद मिलेगी। खिलाड़ियों को ओलंपिक, पैरालंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए अधिक सुविधाएं मिलेंगी।
वहीं किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय प्रावधान को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह फैसला किसानों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत करेगा और कृषि क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। उन्होंने दोनों निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।