रक्षाबंधन: रसीद धुंधली, पार्सल कैसे हो ट्रैक?
राखी पर बढ़ी स्पीड पोस्ट की रफ्तार, लेकिन धुंधली रसीद बनी परेशानी, ट्रैकिंग आईडी पढ़ना मुश्किल, थर्मल रोल की कमी से नए प्रिंटर बंद;
ग्राहक नहीं कर पा रहे पार्सल ट्रैक
Tropic Reporters, अंज ठाकुर, भोपाल, 01 अगस्त 2026:
![]() |
| AI जनरेटेड: |
रक्षाबंधन में अब एक माह से भी कम समय बचा है। 28 अगस्त को भाई-बहन का पवित्र त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में दूसरे शहरों और राज्यों में रहने वाले भाई-बहनों ने अभी से राखियां, मिठाइयां और उपहार स्पीड पोस्ट के जरिए भेजने शुरू कर दिए हैं, ताकि समय पर पार्सल अपने गंतव्य तक पहुंच सके। लेकिन इस बार डाकघरों में स्पीड पोस्ट कराने वाले ग्राहकों को एक अलग ही समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्पीड पोस्ट की रसीद पर छपी ट्रैकिंग आईडी धुंधली होने से ग्राहक अपने पार्सल की आनलाइन स्थिति ही नहीं देख पा रहे।
![]() |
| रसीद पर धुँधली ट्रैकिंग आईडी बनी ग्राहकों की मुसीबत |
ट्रैकिंग होने में आ रही है दिक्कत
रक्षाबंधन के दौरान स्पीड पोस्ट की बुकिंग सामान्य दिनों की तुलना में करीब तीन गुना तक बढ़ जाती है। लोग अतिरिक्त शुल्क इसलिए देते हैं ताकि पार्सल जल्दी पहुंचे और उसकी हर गतिविधि आनलाइन ट्रैक की जा सके। लेकिन जब रसीद पर ट्रैकिंग नंबर ही स्पष्ट नहीं दिख रहा, तो पूरी ट्रैकिंग व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई ग्राहक पार्सल की स्थिति जानने के लिए बार-बार डाकघर के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
ट्रैकिंग नंबर साफ होना है आवश्यक
विशेषज्ञों का कहना है कि स्पीड पोस्ट की पूरी व्यवस्था ट्रैकिंग नंबर पर आधारित होती है। इसी नंबर से ग्राहक यह जान पाते हैं कि उनका पार्सल कहां पहुंचा और कब तक डिलीवर होगा। यदि ट्रैकिंग नंबर स्पष्ट नहीं होगा तो आनलाइन ट्रैकिंग संभव नहीं होगी और शिकायतें लगातार बढ़ेंगी।
समय रहते समाधान जरूरी
रक्षाबंधन जैसे व्यस्त सीजन में डाकघरों पर काम का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में यदि थर्मल रोल की आपूर्ति जल्द नहीं हुई तो हजारों ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि विभाग को त्योहार से पहले सभी डाकघरों में थर्मल रोल उपलब्ध कराकर नए प्रिंटर चालू करने चाहिए, ताकि ग्राहक स्पीड पोस्ट की सबसे बड़ी सुविधा सही और आसान ट्रैकिंग का पूरा लाभ उठा सकें।
समस्या प्रिंटर नहीं, थर्मल रोल की कमी
पोस्ट आफिस के एक जानकार ने बताया कि विभाग ने नए थर्मल प्रिंटर उपलब्ध करा दिए हैं, लेकिन उनके लिए जरूरी थर्मल पेपर रोल अभी तक पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंचे हैं। मजबूरी में कई डाकघरों में पुराने डेटामेक प्रिंटर का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिनकी प्रिंट गुणवत्ता कमजोर है। वहीं थर्मल प्रिंटर से निकली रसीद पर बारकोड और ट्रैकिंग नंबर पूरी तरह स्पष्ट दिखाई देते हैं।
ग्राहकों की शिकायत; ट्रैकिंग नंबर धुँधला, पार्सल की जानकारी नहीं मिली
"मैंने अपने घर सामान स्पीड पोस्ट से भेजा, ताकि वह जल्दी पहुंचे और भोपाल से उसकी ट्रैकिंग कर सकें। लेकिन रसीद पर ट्रैकिंग आईडी इतनी हल्की छपी थी कि पढ़ना ही संभव नहीं था। इस वजह से कई बार डाकघर से पार्सल की जानकारी लेनी पड़ी।"
--अमृता सिंह, ग्राहक

