किसानों की समृद्धि का नया रास्ता है आधुनिक खेती

🎧 सुनें:

"किसानों की समृद्धि का नया रास्ता है आधुनिक खेती, नई कृषि तकनीक अपनाएं, आय बढ़ाएं किसान;" सीएम मोहन यादव

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 03 अगस्त 2026:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकें ही किसानों की समृद्धि का नया द्वार हैं। किसान जितना अधिक नई तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं से जुड़ेंगे, उनकी आय उतनी ही बढ़ेगी। उन्होंने सोमवार को बैतूल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए किसानों से आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश बागवानी फसलों के उत्पादन में लगातार आगे बढ़ रहा है और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश को देश का पहला पुरस्कार मिला है। उन्होंने बैतूल के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि जिले ने मक्का उत्पादन में प्रदेश ही नहीं, देश में भी अलग पहचान बनाई है। यहां गेहूं, धान, मक्का और श्रीअन्न का उत्पादन खाद्य सुरक्षा को मजबूत कर रहा है।

डॉ. यादव ने बताया कि 15 जुलाई से 13 नवंबर तक चल रहे बलराम कृषि महोत्सव के दौरान कृषि विशेषज्ञ गांव-गांव पहुंचकर किसानों को आधुनिक तकनीक, नई योजनाओं और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने किसानों से महोत्सव का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि मूंग उपार्जन के लिए पात्रता सीमा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दी गई है। स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त और खरीद की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ाई गई है। वहीं खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार गेहूं, धान और कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को भी अतिरिक्त आर्थिक सहायता और बोनस दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिंचाई, फूड प्रोसेसिंग, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन और कृषि निर्यात को बढ़ावा देकर खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: