नशा मुक्त भारत: विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

🎧 सुनें:

विंध्य शिक्षा प्रचार समिति द्वारा रायपुर मालाखेड़ी और रसूलिया के विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यालयों में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प;

नशा व्यक्ति के साथ परिवार, शिक्षा और पूरे समाज को प्रभावित करता है: डॉ. आर. एच. लता

Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल, 06 अगस्त 2026:

नशा मुक्त भारत: विद्यार्थियों को सम्बोधित करतीं हुई डॉ. आर. एच. लता

नशे से दूर रहने का संकल्प लेते विद्यार्थी

विंध्य शिक्षा प्रचार समिति द्वारा संचालित राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान–2026 के अंतर्गत मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर मालाखेड़ी तथा शासकीय हाई स्कूल, रसूलिया में विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं योग विशेषज्ञ डॉ. आर.एच. लता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षा और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा योग, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तो वे स्वयं स्वस्थ रहकर समाज को भी नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर मालाखेड़ी के प्राचार्य बी.पी. पठारिया ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं शासकीय हाई स्कूल, रसूलिया की प्राचार्य अनुपमा राय ने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे जन-जागरूकता अभियान अत्यंत आवश्यक हैं और समाज को इनसे जोड़ना समय की मांग है।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी डॉ. श्वेता श्रीवास्त्री ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक नागरिक इस अभियान का सक्रिय भागीदार बने। इस अवसर पर ललित गौर, चंद्रभानु चौहान, सिद्धार्थ चौहान, नितिन लोखंडे, कौस्तुभ पाठक एवं मनीष शिंदे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। समिति ने भविष्य में भी युवाओं और विद्यार्थियों के बीच नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: