श्रावण हरियाली उत्सव:
क्षत्रिय अखाड़ा संस्कार शाला द्वारा लालघाटी स्थित कार्यालय में हरियाली महोत्सव का आयोजन, श्रावण मास में हरियाली महोत्सव की छटा, महिलाओं को वितरित की गई सौभाग्य सामग्री;
Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल, 06 अगस्त 2026:

क्षत्रिय अखाड़ा संस्कार शाला द्वारा श्रावण हरियाली महोत्सव का आयोजन
श्रावण मास के पावन अवसर पर क्षत्रिय अखाड़ा संस्कार शाला द्वारा लालघाटी स्थित कार्यालय में हरियाली महोत्सव एवं सौभाग्य सामग्री वितरण कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीमती आरती सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर सावन के पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को सौभाग्य सामग्री भेंट कर उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं अखंड सौभाग्य की कामना की गई। पूरे आयोजन में सावन के पारंपरिक गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और धार्मिक वातावरण ने सभी को भावविभोर कर दिया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में हरियाली महोत्सव की खुशियां साझा करते हुए सामाजिक सौहार्द और आपसी प्रेम का संदेश भी दिया। इस अवसर पर खाटू श्याम आराधना ग्रुप की अध्यक्ष श्रीमती राखी परमार, श्रीमती मीनाक्षी सिंह सहित अनेक महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया, जिसके लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।
संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीमती आरती सिंह चौहान ने कहा कि श्रावण मास भारतीय संस्कृति, आस्था और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने, पारंपरिक संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा समाज में एकता, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी के सुख-समृद्धि की मंगलकामनाओं, सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।