मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: मु मं उद्यम क्रांति योजना

🎧 सुनें:

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान: मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत छिंदवाड़ा में उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर, सीएम बोले- "स्थानीय निवेशकों को मिलेगी हर जरूरी सुविधा";

Tropic Reporters, Digital desk, भोपाल, 07 अगस्त 2026:

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास के साथ किसान, युवा और गरीब कल्याण के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। स्थानीय उद्यमियों और निवेशकों के उद्योगों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने जनविश्वास अभियान के तहत छिंदवाड़ा में आयोजित उद्यमी एवं जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवेशकों से उद्योगों के विस्तार की दीर्घकालिक योजना बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और अधोसंरचना सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिले में रोजगारपरक उद्योगों, फूड पार्क, बहुफसली प्रसंस्करण इकाइयों, प्राकृतिक खेती और पशुपालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि आईटीआई और पॉलीटेक्निक से प्रशिक्षित युवाओं का नियमित फॉलोअप कर उन्हें स्वरोजगार अथवा स्थायी रोजगार से जोड़ा जाए। युवाओं की दक्षता के अनुसार औद्योगिक इकाइयों से समन्वय स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप के तहत स्थापित सीएनजी और बायो-नेचुरल प्लांट के उद्यमियों से भी चर्चा की।

135 भूखंड आवंटित, 88 इकाइयों में उत्पादन शुरू

एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक ने बताया कि लहगडुआ, इमलीखेड़ा, खजरी और सुकलूढाना औद्योगिक क्षेत्रों में अब तक 135 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें 88 औद्योगिक इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है। शेष भूखंडों का आवंटन भी तेजी से किया जा रहा है।

उद्यमियों ने प्रशिक्षण संस्थानों के एकीकरण, पीपीपी मॉडल पर ट्रांसपोर्ट नगर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एकीकृत कर प्रणाली, फ्लैटेड इंडस्ट्री और आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में लक्ष्य के मुकाबले 130 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर जिले की सराहना की गई। पीएम विश्वकर्मा, केसीसी एनिमल हसबेंडरी और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। 

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: