हीट वेव से उत्पन्न स्वास्थ्य जोखिमों पर कार्यशाला:

🎧 सुनें:

शहरी बस्तियों में पहुंचाए जाएंगे गर्मी से बचाव के संदेश, संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा पर जोर, "स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने समय रहते लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी"- डॉ. कामिनी मेहरा;

Tropic Reporters, संदीप सिंह, भोपाल, 18 अगस्त 2026:

हीट वेव से उत्पन्न स्वास्थ्य जोखिमों पर कार्यशाला
दलती जलवायु के कारण बढ़ती गर्मी और हीट वेव से उत्पन्न स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने तथा शहरी बस्तियों में लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग एवं सीड्स इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल में कार्यरत गैर-सरकारी संगठनों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न संस्थाओं को एक साझा मंच पर लाकर हीट वेव प्रबंधन, जनजागरूकता और सामुदायिक सुरक्षा के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने पर मंथन किया गया।

कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. कामिनी मेहरा ने हीट वेव प्रबंधन, सामुदायिक जागरूकता और विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान पॉपपस्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करने के लिए समय रहते लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है। खासकर शहरी बस्तियों में रहने वाले संवेदनशील वर्गों की पहचान कर उन्हें बचाव के उपायों की जानकारी उपलब्ध कराना प्राथमिकता होना चाहिए।

हीट स्ट्रोक के लक्षण और बचाव के उपायों पर चर्चा

कार्यशाला में हीट वेव के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव, हीट स्ट्रोक के लक्षण, पर्याप्त पानी और छाया की उपलब्धता, गर्मी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा संवेदनशील समूहों की पहचान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों, खुले में काम करने वाले श्रमिकों और अन्य जोखिम वाले समूहों तक समय पर स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

डॉ. कामिनी मेहरा ने गैर-सरकारी संगठनों से अपील की कि वे अपने समुदाय आधारित नेटवर्क का उपयोग करते हुए हीट वेव से बचाव के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर काम करने वाली संस्थाएं समुदाय की जरूरतों और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझती हैं, इसलिए उनके सहयोग से जागरूकता अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

स्थानीय संस्थाओं के नेटवर्क को जोड़ने पर जोर

सीड्स इंडिया की ओर से पराग तलनकर एवं प्रमोद ठाकुर ने समुदाय आधारित हीट एक्शन, जागरूकता गतिविधियों तथा शहरी बस्तियों में गर्मी से बचाव की क्षमता बढ़ाने में गैर-सरकारी संगठनों की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय संगठनों के अनुभव और समुदायों के साथ उनकी मजबूत पहुंच को हीट वेव प्रबंधन से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कार्यशाला में सहभागी गैर-सरकारी संगठनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्थानीय संगठनों के माध्यम से लोगों तक जागरूकता संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाए जा सकते हैं। संस्थाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में समुदायों के साथ मिलकर काम करने और एक-दूसरे के अनुभव, संसाधनों एवं नेटवर्क का उपयोग करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

साझा प्रयासों से बनेगा सुरक्षित और तैयार भोपाल

कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि हीट वेव जैसी बढ़ती शहरी चुनौती से निपटने के लिए किसी एक संस्था का प्रयास पर्याप्त नहीं है। स्वास्थ्य विभाग, गैर-सरकारी संगठन, स्थानीय समुदाय और अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच निरंतर समन्वय और सामूहिक प्रयास से ही गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सकता है। सहभागी संस्थाओं ने भविष्य में शहरी बस्तियों में हीट वेव जागरूकता अभियान चलाने, संवेदनशील परिवारों तक पहुंच बनाने, समय पर सूचना प्रसारित करने तथा गर्मी से बचाव के व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यशाला को भोपाल को अधिक जागरूक, सुरक्षित और गर्मी की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

📝 सारांश:
सारांश लोड हो रहा है...
🔗 संबंधित लिंक: