मुख्यमंत्री की मंशा पर मंत्री का जमीनी अमल:
मुख्यमंत्री की मंशा पर जमीनी अमल, सुरखी की गलियों में पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, घर-घर जाकर सुनीं समस्याएं, विकास कार्यों का लिया फीडबैक;
खाद्य मंत्री बोले- सुरखी मेरी विधानसभा नहीं, मेरा परिवार है, नगर परिषद भवन का लोकार्पण, 5 करोड़ से अधिक के कामों की घोषणा
Tropic Reporters, संदीप सिंह, सुरखी/भोपाल, 08 अगस्त 2026:
आमतौर पर जनप्रतिनिधि बैठकों और कार्यक्रमों के जरिए जनता से संवाद करते हैं, लेकिन शनिवार को प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सुरखी की गलियों में पैदल पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों से जवाब लिया। सड़क, नाली, पेयजल और आवागमन से जुड़ी समस्याओं के साथ उन्होंने विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी स्थिति भी देखी। इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि, सुरखी मेरी विधानसभा ही नहीं, मेरा परिवार है। परिवार के किसी सदस्य को परेशानी होती है तो पूरा परिवार उसकी चिंता करता है। उसी तरह आपकी समस्या मेरी समस्या और आपके क्षेत्र का विकास मेरी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री की मंशा पर खाद्य आपूर्ति मंत्री का जमीनी अमल
इस दौरान उन्होंने सुरखी नगर परिषद के भवन का लोकार्पण किया। साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में 5 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की तथा कई कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
![]() |
| लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानी |
पैदल भ्रमण के दौरान मंत्री श्री राजपूत वार्डों में जगह-जगह रुके। उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सीधे बातचीत की। लोगों से पूछा कि सड़क, नाली, पानी और आवागमन को लेकर क्या परेशानी है। नागरिकों ने भी अपने क्षेत्र की समस्याएं मंत्री के सामने रखीं।
मंत्री ने कहा कि कार्यालय में बैठकर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति नहीं समझी जा सकती। इसके लिए जनता के बीच जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी से छोटी समस्या को भी गंभीरता से लिया जाए और विकास कार्यों में गुणवत्ता तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
![]() |
| सुरखी का होगा विकास के साथ सौंदर्यीकरण |
भ्रमण के दौरान खाद्य मंत्री श्री राजपूत द्वारा सुरखी नगर परिषद क्षेत्र में घोषित विकास कार्यों में वार्ड क्रमांक 1 और 2 में सीसी सड़क, वार्ड क्रमांक 6 में सीसी सड़क, वार्ड क्रमांक 9 में सीसी सड़क एवं फर्श निर्माण, गोशाला में प्रथम तल पर सामुदायिक भवन तथा वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 में सीसी सड़क के कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा मिड़वासा में डब्ल्यूबीएम सड़क और पुलिया, वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 में सीसी सड़क तथा विभिन्न स्थानों पर पुलिया निर्माण, वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में डब्ल्यूबीएम सड़क, पुलिया और सीसी सड़क सहित अन्य विकास कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों से बारिश के दौरान कीचड़, जलभराव और खराब रास्तों की समस्या से नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
छोटी गलियों तक पहुंचेगा विकास
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि विकास का मतलब केवल बड़े प्रोजेक्ट बनाना नहीं है। सरकार की प्राथमिकता है कि मुख्य मार्ग से लेकर छोटी गली तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। इसी सोच के साथ सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुलिया, नाली, पेयजल और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसका असर आम नागरिक की रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाई दे।
मंत्री बोले- यह चुनाव प्रचार नहीं, जनता से मिलने आया हूं
खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और विकास कार्यों का वास्तविक फीडबैक लें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरखी में उनका यह भ्रमण किसी राजनीतिक कार्यक्रम या चुनाव प्रचार के लिए नहीं है। वे अपने परिवार के सदस्यों से मिलने और उनकी समस्याएं जानने आए हैं। उन्होंने कहा, जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। इसी विश्वास के आधार पर सुरखी विधानसभा में विकास की गति लगातार आगे बढ़ाई जा रही है।
विकास के साथ सुरखी का सौंदर्यीकरण भी
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी को केवल सुविधाओं के मामले में विकसित करना ही लक्ष्य नहीं है, बल्कि नगर का व्यवस्थित विकास और सौंदर्यीकरण भी प्राथमिकता में है। बेहतर सड़कें, पुलिया, सामुदायिक भवन, स्वागत द्वार, धार्मिक स्थलों के आसपास सुविधाएं और स्वच्छ-सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थान सुरखी की तस्वीर बदलेंगे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक कार्य का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।
केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
जनता से मुलाकात के दौरान खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल-जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार, केंद्र की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने के साथ ही प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दे रही है।
जनता के बीच पहुंचकर लिया विकास का हिसाब
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का पैदल भ्रमण औपचारिक बैठक से अलग रहा। उन्होंने अधिकारियों की रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं गलियों में पहुंचकर लोगों से विकास का फीडबैक लिया। नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं और जरूरतें सीधे मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने कहा कि सुरखी के विकास का सिलसिला रुकने वाला नहीं है। हर गली, हर मोहल्ले और हर गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।

